धमतरी
महतारी वंदन योजना, महिलाओं की सुरक्षा आदि का दे रहे लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 19 अगस्त। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। इनमें से एक है महतारी वंदन योजना। इस योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1 हजार रुपए की राशि उनके बैंक खाते में लगातार हस्तांतरित की जा रही है। धमतरी विकासखंड के रुद्री की बिहान से जुड़ी सुनीता वर्मा, लक्ष्मी साहू, ललिता साहू, हेमलता ध्रुव ने कहा कि प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना के रूप में रक्षाबंधन के लिए भाई बनकर तोहफा दिया है। इसके लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं। साथ ही उन्होंने अपने विष्णु भैया को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी।
गंगा साहू और तिलेश्वरी साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि उनके शासन काल में हम महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और प्रदेश सहित जिले में भी अराजकता कम हुई है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के मुखिया का धन्यवाद किया।


