धमतरी

अवैध शराब बिक्री नहीं रुकी तो होगा थाने का घेराव
19-Aug-2024 2:41 PM
अवैध शराब बिक्री नहीं रुकी  तो होगा थाने का घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 19 अगस्त।
गाँव में खुलेआम बिक रहे गोली, गांजा, शराब से समाजिक परिवेश में आ रही खराबी के मद्देनजर ग्रामीणों ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने की फरियाद की है। 

रविवार को अवैध शराब व नशे को लेकर ग्राम पंचायत चरमुडिया में आम बैठक रखी गई। जिसमें आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब व नशीलें पदार्थों को बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। गांव वालों का कहना है कि सहज रूप से हर जगह उपलब्ध अवैध शराब से युवा पीढ़ी नशे के चपेट में आकर अपना भविष्य खराब कर रही हैं। इससे गाँव का माहौल भी खराब हो रहा है। 

सरपंच नीतू तोड़ेकर ने बताया कि पुलिस प्रशासन से कई बार लिखित व मौखिक शिकायत किया गया इसके बाद भी उचित कार्रवाई होती नहीं दिखती। इस धंधे से जुड़े लोग गाँव में बेखौफ अवैध शराब व नशे का कारोबार कर रहे है। हमने गाँव स्तर पर प्रतिबंध लगाया है पर पुलिस प्रशासन ही कानूनी कार्रवाई कर सकती है। 

बैठक में सामूहिक रूप से फैसला किया गया है कि अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों द्वारा थाने का घेराव किया जाएगा। आम आदमी पार्टी के तेजेंद्र तोड़ेकर ने कहा की सरकार की नीतियों के कारण अवैध शराब को बढ़ावा मिल रहा है, सरकार चाहे तो शराब की अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाया जा सकता है। 

बैठक में उपसरपंच सुरेंद्र जोशी, पंच गुरुदेव महिपाल, ईश्वर पटेल, भूनेश्वरी साहू, सोहद्रा ध्रुव, लक्ष्मण भारती, इंद्रजीत साहू, त्रवीण दास मानिकपुरी, दीनदयाल साहू, त्रिभुवन, गोवर्धन, बसंत, प्रेमलाल साहू, विजय राजपूत आदि ग्रामीण शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट