धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 19 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायत मुनईकेरा के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच महेन्द्र नेताम व वरिष्ठजनों ने सबसे पहले प्राथमिक शाला, आंगनवाड़ी केन्द्र, बजरंग चौक देवगांव, अमृत सरोवर देवगांव, मुनईकेरा गौठान के बाद ग्राम पंचायत भवन में ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात प्राथमिक शाला के प्रांगण में बच्चों, युवक युवतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति दी एवं ग्राम की मातृशक्ति पितृ शक्तियों ने भी कला का प्रदर्शन किया।
इस दौरान ग्राम पंचायत मुनईकेरा के पंचायत पदाधिकारियों, मातृशक्ति पितृ शक्ति, युवा शक्ति एवं छात्र छात्राओं ने भाषण, नृत्य, गीत एवं खेलकूद का प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत मुनईकेरा के सरपंच महेन्द्र नेताम ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए सभी प्रतियोगियों की हौसला अफजाई करते हुए इसी तरह अपने, परिवार व ग्राम के विकास में सहभागी बनने निवेदन किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक साधुराम नेताम, भुवन ध्रुव ने भी संबोधित किया।


