धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 अगस्त। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में सर्व हिन्दू समाज ने 16 अगस्त को देर-शाम को शहर में आक्रोश रैली निकाली। समाजजनों का कहना है कि बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद हिन्दुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर तत्काल इस मामले में हल निकालने की मांग की।
गांधी मैदान में सर्व हिन्दू समाज की सभा हुई। इसके बाद सर्व समाज की ओर से शहर में आक्रोश रैली निकाली। विभिन्न समाज प्रमुखों ने संबोधन किया। रैली गांधी मैदान से कचहरी चौक, मठ मंदिर चौक, गोल बाजार होते हुए घड़ी चौक पहुंची। यहां पर बांग्लादेश में मारे गए हिन्दुओं को श्रद्धांजलि दी।
आक्रोश रैली के दौरान प्रधानमंत्री के नाम धमतरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार के बिंदुओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने, हिंदुओं की परेशानी जानने के लिए देश से एक शिष्टमंडल बांग्लादेश भेजने, जिन हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहे हैं, उनकी सुरक्षा का पुख्ता इंतजार करवाने, हिन्दू मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था करवाने और जिन हिन्दुओं की जानमाल की हानि हुई है, उसकी भरपाई बांग्लादेश सरकार से करवाने की मांग की। इसके अलावा बांग्लादेश में सरकार के तख्ता पटल के बाद उत्पन्न हुई नई परिस्थितियों में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचारों को तत्काल रोकने की मांग की।
आक्रोश रैली में विहिप के प्रांत संयोजक चन्द्रशेखर वर्मा, समाजसेवी पं. राजेश शर्मा, सुबोध राठी, अशोक पवार, शशि पवार, चंदू जसवानी, नंदलाल जसवानी, बिशेसर पटेल, विनय देवांगन, विजय गोलछा, निर्मल बरडिया, कल्पना रणसिंह, अनीता सोनकर समेत बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।


