धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 अगस्त। शिक्षा के क्षेत्र में रामाराव बघेल द्वारा विशंभर सिंह पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावा में अध्ययनत मेधावी छात्र-छात्राओं को विगत कई वर्षों से विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में शिक्षण सत्र 2023- 24 में 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान बनाने वाले कक्षा बारहवीं के छात्रों के लिए 51 हजार व 10वीं के छात्रों के लिए 41 हजार तथा टॉप टेन में स्थान बनाने वाले के लिए 100000 की घोषणा की गई थी।
इसी घोषणा के तहत कक्षा दसवीं में 94.67 फीसदी अंक प्राप्त करने वाली छात्रा सांची यादव को 41 हजार व कक्षा 12वीं में 83.17 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले छात्र राज निषाद को प्रोत्साहन राशि स्वरूप 21000 रुपए की नगद राशि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर छात्रों को प्रदान की गई।
पेशे से रामाराव बघेल न्यू पूजा राइस मिल के संचालक है, श्री बघेल के इस योगदान के लिये संस्था के प्राचार्य एवं शाला परिवार ने हृदय से आभार व्यक्त किया गया।


