धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 अगस्त । नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर हरकत में आई निकाय टीम ने नगर में घूम रहे आवारा पशुओं के सडक़ों से हटाकर मैरिज पैलेस में बंद कर दिया है। जिससे दिन भर लोगों को सडक़ पर कब्जा जमाए बैठे मवेशियों के झुंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन देर रात नगर की कई सडक़ पर आवारा पशुओं का जमावड़ा देखा गया।
गौरतलब है कि उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन करते हुए नगर पंचायत एवं पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त कारवाई में पिछले तीन दिनों में तीन दर्जन मवेशियों का सडक़ से पकड़ कर कांजी हाउस की जगह मैरिज पैलेस में सुरक्षित रखा गया है।
इस संबंध में सीएमओ महेन्द्रराज गुप्ता ने बताया कि झुंड के झुंड सडकों पर जुगाली करते इन आवारा पशुओं की वजह से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने नगर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों पर बेतरतीब घूम रखे आवारा मवेशी पशुधन को प्रतिदिन हटाया जा रहा है। इन मवेशियों को पकड़ कर नगर पंचायत के बाबा तालाब किनारे बने बंसल मैरिज पैलेस परिसर में सुरक्षित रखा जा रहा है। जहां उनके रहने व खाने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
सोमवार को काऊ कैचर टीम ने एनएच-30, मेन रोड, तहसील रोड, भरदा रोड, पुराना एवं नया बाजार, सूर्य नमस्कार चौंक, बस स्टैण्ड से मवेशियों को पकड़े। इस धरपकड़ टीम में भूपेन्द्र साहू, नीरज कश्यप, रमन पटेल, शीतल, कमलनारायण, मुकेश भारती, कृष्णा ढीमर, उत्तम साहू, समयलाल, ठगेन्द्र बंजारे आदि शामिल थे।
सीएमओ श्री गुप्ता ने बताया कि इस कारवाई के पहले नगर में मुनादी के माध्यम से पशु मालिकों को अपने पशुधन को घर में रखने की समझाईश दी गई। खुले में मवेशी छोड़े जाने पर जुर्माने की कार्यवाही की चेतावनी देने के बाद अवारा पशुओं की धर पकड़ हो रही है। जो आगे भी जारी रहेगी, उन्होंने नगर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में नागरिकों से सहयोग मांगा है।


