धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 2 अगस्त। शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड क्रमांक 1 में धमतरी मुख्य मार्ग से वीरेंद्र ऑटो होते हुए,माता तालाब,ब्राह्मण समाज भवन जाने वाली सडक़ काफी जर्जर हो चुकी है। वार्डवासी जर्जर सडक़ से परेशान है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी, जन प्रतिनिधि इसमें सुधार को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
सडक़ के जर्जर होने के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात होने पर इस सडक़ से होकर गुजरने में गिरने की संभावना बनी रहती है। दो पहिया वाहन चालकों को गिरकर चोटिल होना नियति बनी हुई है। इस सडक़ में गढ्डों और गिट्टी के अलावा कुछ भी नजर नहीं आता है। पैदल चलने वालों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
यह रास्ता चार पहिया वाहन चलने के लायक नहीं रहा है। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद नगर पंचायत नगरी के वार्डों में सभी जर्जर सडक़ों का पुनरुद्धार कर लिया गया पर विडंबना है कि वार्ड नंबर 1 का यह सडक़ और भी बद से बदतर हो गई है।कारणवश वार्ड वासियों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।
वार्ड के वरिष्ठ नागरिक खिलावन प्रसाद तिवारी, डीएस ध्रुव, कौशल प्रसाद साहू, उदयभान सोम राम रतन छेदैया, नेहरू राम साहू निकेश सोम, डॉक्टर त्रिपाठी ,चंद्रहास सोम ,जितेंद्र कुमार साहू, राघवेंद्र वर्मा, शिव कुमार ध्रुव, प्रेमलाल ध्रुव ने बताया कि नगर पंचायत नगरी के वार्ड 01 विकास में काफी पिछड़ा हुआ है। जन समस्या निवारण पखवाड़ा अंतर्गत शिविर में इस समस्या के त्वरित हल हेतु ज्ञापन सौंपा जाएगा।


