धमतरी

कार ने पिकअप को ठोका, 29 घायल
31-Jul-2024 3:28 PM
कार ने पिकअप को ठोका, 29 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 31 जुलाई।
पिकअप में सवार होकर खेत में रोपा लगाने जा रहे मजदूरो से भरे एक वाहन को तेज रफ्तार कार चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पिकअप पलट गई और मौके पर चीख पुकार मच गई। इस हादसे में  29 लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग वाहन एवं एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें से तीन की हालत गंभीर देख उपचार के लिए रायपुर रिफर किया गया। शेष लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।  

बुधवार सुबह कुरुद सांधा से कुछ मीटर की दूरी पर नेशनल हाईवे 30 में घटित इस हादसे में धमतरी होते दल्लीराजहरा से एयरपोर्ट रायपुर जा रही तेज रफ्तार टाटा हैरियर कार क्रमांक सीजी चौबीस आर 6810 के चालक ने सामने जा रही मजदूर से भरी पिकअप क्रमांक सीजी जीरो फाइब एके 1905 को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पिकअप पलट गई। घायलों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग दौड़े, थोड़ी देर में हाइवे पेट्रोल एवं स्थानिय पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस वाहन एवं एम्बुलेंस के सहारे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कार में सवार एक महिला को मामूली चोट आई है। बताया गया कि ग्राम बारना से रोपा लगाने के लिए पिकअप में सवार होकर मजदूर ग्राम कन्हारपुरी जा रहे थे । प्रत्यकदर्शियों की माने तो इस दुर्घटना के लिए पिकअप चालक की गलती अधिक है, उसने बिना इंडिकेटर दिए अचानक अपनी गाड़ी मोड़ दी जिससे पीछे आ रहे कार चालक को सम्हलने का मौका नहीं मिला। बाहरहाल डाक्टर घायलों के उपचार एवं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


अन्य पोस्ट