धमतरी

बैज के सामने कार्यकर्ताओं का हंगामा
20-Jul-2024 2:43 PM
बैज के सामने कार्यकर्ताओं का हंगामा

आरोप- 5 साल रेत के खेल में मस्त रहे नेता

कार्यकर्ताओं की बैठक, 24 को रायपुर में विधानसभा का होगा घेराव

पूर्व सीएम बोले- भाजपा से नहीं संभल रही सरकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 जुलाई।
राजीव भवन में पीसीसी चीफ दीपक बैज के सामने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गुस्सा निकाला। करीब घंटेभर बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल बैठक में पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि साय सरकार आने के बाद से प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया है। गृहमंत्री के क्षेत्र में सबसे ज्यादा कानून व्यवस्था खराब है। लचर कानून व्यवस्था को लेकर धमतरी समेत प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता 24 जुलाई को विधानसभा का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। 

इसके पूर्व शुक्रवार को शाम करीब 4 बजे जैसे ही माइक पकड़ कर पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी ने पार्टी-संगठन की बात कर विधानसभा घेराव में शामिल होने अपील की, हंगामा शुरू हो गया। 

पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश जसूजा, पूर्व पार्षद पवन लिखी, योगेश लाल, शैलेन्द्र दीवान और राहुल बख्तानी ने हंगामा कर जिले के पार्टी नेताओं को घेरा। जमकर खरी खरी सुनाई। आरोप लगाया कि सत्ता में थे, तब आप लोगों ने खूब रेत-रेत खेला। अभी भी रेत का खेल जारी है। पांच  साल तक कार्यकर्ताओं की कहीं पूछ परख नहीं हुई, जिससे आज पार्टी की दुर्गति हो गई है। साथ ही कहा कि जब कांग्रेस की सरकार प्रदेश में सत्ता में थी, जब पदाधिकारी रेत-रेत खेलते रहे। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हुई। कोई पूछ-परख ही नहीं हुई। इस कारण ही पार्टी की दुर्गति हुई और आज हम विपक्ष में हैं। 

नाराज नेता व कार्यकर्ताओं को पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शांत कराया। विस और लोस चुनाव के बाद यह पार्टी की पहली बड़ी बैठक थी, जिसमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हुए। मंच पर विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, महापौर विजय देवांगन, जिलाध्यक्ष शरद लोहाना समेत पार्टी के कई नेता और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। 

जिलाध्यक्ष शरद लोहाना ने 24 जुलाई को रायपुर में आयोजित विस घेराव की जानकारी दी। इसमें जिलेभर से अधिक संख्या में भागीदारी पर जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने पीसीसी अध्यक्ष को धमतरी से 100 गाडिय़ों के जरिए कार्यकर्ताओं को रायपुर पहुंचने का दावा पेश किया। महापौर विजय देवांगन ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। 
 


अन्य पोस्ट