धमतरी

भखारा कॉलेज में 20 को दोबारा होगी टीईटी की परीक्षा
19-Jul-2024 2:44 PM
भखारा कॉलेज में 20 को दोबारा होगी टीईटी की परीक्षा

400 परीक्षार्थी होंगे शामिल, ओएमआर शीट  व प्रश्न पत्र देरी से पहुंचने पर फैसला

धमतरी,19 जुलाई। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 23 जून को टीईटी की परीक्षा प्रदेशभर में आयोजित की थी। इस दौरान धमतरी जिले के भखारा कॉलेज को भी केंद्र बनाया था। यहां परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट व प्रश्न पत्र देरी से पहुंचे, जिस कारण छात्रों ने विरोध किया था। अब फिर से भखारा कॉलेज में 20 जुलाई को टीईटी की परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 400 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए व्यापमं ने शेड्यूल जारी कर दिया है।

23 जून को दोपहर 2 से शाम 4.45 बजे तक 6वीं से 8वीं तक अध्यापन के लिए टीईटी परीक्षा आयोजित की गई। महर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर कॉलेज भखारा में ओएमआर शीट और प्रश्न पत्र देरी से मिले। इसके बावजूद परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय नहीं दिया गया। परीक्षार्थियों ने केंद्र से बाहर निकलने के बाद हंगामा किया। मौके पर नोडल अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने मामला शांत कराया। दूसरे दिन 24 जून को सभी परीक्षार्थियों ने फिर से परीक्षा आयोजित करने की मांग की थी, जिस पर अब 20 जुलाई को व्यापमं ने परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा दोपहर 2 से 4.45 बजे तक महर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भखारा में होगी, जिसमें 400 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

प्रवेश पत्र व आधार कार्ड लाने होंगे परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में दोपहर 1.30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र व आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट आदि में से कोई एक फोटोयुक्त पहचान पत्र की ओरिजनल कॉपी केन्द्र में लानी होगी। मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। दोपहर 2.15 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। डॉ. श्रीदेवी चौबे समन्वयक व डिप्टी कलेक्टर आरके कृपाल को नोडल अधिकारी बनाया है। पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।


अन्य पोस्ट