धमतरी
नगरी, 11 जुलाई। प्रदेश में चलाए जा रहे पौधरोपण कार्यक्रम एक पेड़ मां के नाम के तहत शासकीय प्राथमिक शाला दलदली अ प्रांगण में सरपंच प्रदीप कुंजाम के नेतृत्व में प्रबंध समिति के सदस्यों, पालकों एवं छात्र- छात्राओं द्वारा पपीता, अमरूद, आम, केला, काली हल्दी पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी शिक्षक राजकुमार शील ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम से रोपेंगे तो हमारा विशेष रूप से भावनात्मक जुड़ाव होने से उस पौधों की देखभाल सिंचाई एवं सुरक्षा के प्रति सतर्कता रखेंगे, परिणामत: पौधरोपण अभियान की सफलता अधिकाधिक होगी। पौधरोपण अंतर्गत हम फल प्रजातियों का चयन करते हैं, तो इससे दोहरा लाभ होगा हरियाली, पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता, मृदा नमी का संरक्षण के साथ फल उत्पादन होगा। इस कार्यक्रम में प्रधान पाठक सूर्यनारायण राव, मोतीराम गोटा, सुखवती बाई, रामीन बाई के साथ पालकगण उपस्थित थे।


