धमतरी

उज्जैन के मंच पर कुरुद की सिया कत्थक में प्रथम
27-May-2024 7:22 PM
उज्जैन के मंच पर कुरुद की सिया कत्थक में प्रथम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 27 मई। महाकाल की नगरी उज्जैन में नृत्यांजलि संस्था द्वारा आयोजित सांस्कृतिक समारोह व प्रतियोगिता में दिवंगत पत्रकार कमलेश शर्मा की प्रतिभावान सुपुत्री एवं केन्द्रीय विद्यालय कुरुद की छात्रा सिया शर्मा ने एकल कत्थक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित कर नगर को गौरवान्वित किया है।

ज्ञात हो कि उज्जैन में 25-26 मई को हुए इस आयोजन में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की कई प्रतिभाओं ने भाग लिया। नगर में संचालित गीतांजलि संगीत कला एकेडमी की छात्रा सिया ने एकल कथक नृत्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया। कुरुद के एकमात्र संगीत स्कूल के अन्य छात्राओं का प्रदर्शन भी शानदार रहा। पेशे से शिक्षिका मां सुमन कमलेश शर्मा ने बताया कि सिया कथक विधा में पांच साल से निरंतर गुरु जुगराज बाग से विधिवत शिक्षा ले रही है, साथ ही खैरागढ़ संगीत महाविद्यालय से डिग्री कोर्स भी कर रही है।

ज्ञात हो की बीते वर्षों में सिया ने हरिद्वार, पुरी, बनारस में अपनी प्रस्तुति देकर कई अवार्ड जीते है। काठमांडु नेपाल में आयोजित 8 वें इंटरनेशनल डांस एवं म्यूजिक फेस्टीवल में इंटरनेशनल श्री अवार्ड एवं म्यूजिक फेस्टीवल 2022 में कुरुद की इस नन्ही परी ने अवार्ड जीत कर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया था। केंद्रीय विद्यालय में पढऩे वाली सिया शर्मा पढ़ाई और अन्य विधाओं में अपनी प्रखर प्रस्तुति के लिए सदैव प्रशंसा पाती रहीं हैं।

मध्यप्रदेश के बड़े मंच पर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन कर पुरस्कार जितने वाली सिया को मनीष शर्मा, रविकांत चन्द्राकर, नीरज चन्द्राकर सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट