धमतरी

मनरेगा से संवर रहा नवागांव का ऑक्सीजोन
13-May-2024 8:05 PM
मनरेगा से संवर रहा नवागांव का ऑक्सीजोन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 मई।
गांव के पर्यावरण को ठीक रखने विधायक निधि से तैयार ऑक्सीज़ोन के पौधे पिछले तीन साल में बड़े होकर लहलहाने लगे हैं। मनरेगा के तहत इन पौधों का संरक्षण किया जा रहा है।

कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव उ के सरपंच टिकेश साहू ने बताया कि 2020-21 अजय चंद्राकर द्वारा स्वीकृत विधायक मद से नवागांव में एक एकड़ भूमि में ऑक्सीज़ोन की स्थापना की गई थी। जिसमें विभिन्न प्रजाति के 200 पौधे लगाए गए थे, नियमित देखभाल एवं गर्मी के दिनों में सोलर पम्प के माध्यम से पानी देने से वर्तमान में 192 पौधे जीवित हैं।

सरपंच श्री साहू ने बताया कि पर्यावरण प्रेमी पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की प्रेरणा से ऑक्सीज़ोन के पास ही 5 एकड़ जमीन पर मिश्रित प्रजाति के पौधों का रोपण किया है , जिसमें आम, कटहल, जामुन, जाम, रायजाम आदि पौधे पिछले तीन साल में बड़े होकर लहलहाने लगे हैं।

सियाराम साहू, धनेश्वर साहू, शिवराम,  सुखचैन, मिथलेश, समयलाल, दिनेश, दिलीप कंवर, रघुवर दास, पुनीत साहू आदि ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच की दूरदर्शिता के चलते हम गांव के लोगों को पर्यावरण का लाभ और हर हाथ को काम मिल रहा है। पंचायत के अच्छे कामों का लाभ सभी गांव वालों को मिलने लगा है। 

इस बारे में सरपंच टिकेश साहू ने बताया कि हमारे नेता अजय चंद्राकर पर्यावरण संरक्षण के मामले में बेहद संवेदनशील है, उन्हीं की प्रेरणा से मैंने गांव में हरियाली लाने एवं वाटर रिचार्ज के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। 


अन्य पोस्ट