धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 मई। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में होने वाले मतदान से पहले पीसीसी ने कुरुद की कांग्रेस नेत्री तारिणी नीलम चंद्राकर को बिलासपुर का प्रभारी बना बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
बताया गया है कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, सहप्रभारी विजय जांगिड़, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पुर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अनुशंसा पर कुरुद विधानसभा क्षेत्र की जुझारू नेत्री तारिणी चंद्राकर को बिलासपुर लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है।
1 से 5 मई तक विधानसभावार एवं डोर टू डोर जनसंपर्क और सभा के माध्यम से कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव के पक्ष में प्रचार करेंगी। इसके लिए उन्हें पार्टी के तरफ से प्रोग्राम दिया गया है। जिसके मुताबिक 1 मई को बेलतरा विधानसभा क्षेत्र, 2 को बिल्हा, 3 तारीख को कोटा, 4 को तखतपुर विधानसभा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर सुबह 11 से रात्रि 8 बजे तक प्रचार करेंगी। रविवार 5 मई को शाम 5 बजे तक शहर में प्रचार किया जाएगा। पार्टी हाईकमान द्वारा सौपी गई इस जिम्मेदारी से उत्साहित तारिणी ने सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी प्रत्याशी को जीताने जी जान लगाकर पूरी निष्ठा से काम करूंगी।


