धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 मई। मजदूर दिवस 1 मई को बोरे बासी खाने के रिवाज को जारी रखते हुए भखारा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजू साहू द्वारा अपने निवास पर सामुहिक बासी डे का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी नेताओं ने एक साथ बैठकर बोरे बासी खाकर मजदूर दिवस की बधाई दी।
विश्व श्रमिक दिवस के दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी खान पान व किसान, मजदूरों के भोज्य को पहचान दिलाने श्रमिक दिवस को बोरे बासी डे के रुप में मनाने की परम्परा डाली थी। जिसे आगे बढ़ाते हुए भखारा ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजू साहू ने कांग्रेसी नेताओं एवं गणमान्य जनों को अपने घर आमंत्रित कर सबके साथ बोरे बासी का मजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा श्रमिक साथियों के मेहनत और परिश्रम में उनके आहार में शामिल बोरे बासी का विशेष महत्व है। इसी बात को रेखांकित करते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार में रहते छत्तीसगढ़ी खान पान को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। इसी वजह से विदेश में रहने वाले लोग भी आज के दिन बोरे बासी खाकर श्रमिक मजदूर साथियों को धन्यवाद कहते हैं।
जिला पंचायत सभापति गोविंद साहू ने कहा देश के नवनिर्माण में मजदूर भाई बहनों का विशेष योगदान है। इनकी मेहनत के बिना कोई भी सृजन असंभव है, आज हम सब उनके श्रम को नमन करते हैं।
जनपद अध्यक्ष शारदा साहू, सभापति परमेश्वरी महेंद्र साहू ने बोरे बासी का महत्व बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी खान पान में गर्मी के दिनों का बोरे बासी प्रमुख आहार है, इसे हर किसी को बिना संकोच के रोज खाना चाहिए। पूर्व नपं अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भरत नहर ने बासी खाने के फायदे बताए और कहा की विटामिन और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण का विशेष गुण बोरे बासी में होता है गर्मी के दिनों में इस सुपाच्य भोज का इस्तेमाल करना चाहिए। गैंदलाल साहू, कुलेश्वर, अनुसुइया, जमुना, हर्ष साहू, रविंद्र सेन, सारांश साहू, माही, खिलेश साहू आदि ने भी बोरे बासी खाकर श्रमिकों को बधाई दी है।


