धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 अप्रैल। जिले की सीमावर्ती दुधावा क्षेत्र के जंगल में भालू के एक शावक का शिकार करने वाले ग्राम कोरमुड़ (धमतरी) के दो शिकारियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के दुधावा इलाके के जंगल में धमतरी सीमावर्ती गांव कोरमुड़ निवासी तीजूराम और तिहारु राम कमार रविवार की रात भालू के एक शावक को तीर कमान से मारकर शिकार किया। इसके बाद भालू को अपने घर ले आया। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई और मौके पर पहुंचकर दोनों शिकारियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया। पश्चात भालू के शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया।
इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों शिकारियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि जंगल में वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए उचित मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है।


