धमतरी

नगरी गल्र्स छात्रावास में 19 छात्राएं सहित 21 कोरोना पॉजीटिव मिले, 28 एक्टिव केस, एक अस्पताल में भर्ती
04-Apr-2023 2:54 PM
नगरी गल्र्स छात्रावास में 19 छात्राएं सहित 21 कोरोना पॉजीटिव मिले, 28 एक्टिव केस, एक अस्पताल में भर्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 4 अप्रैल। जिले में 3 अप्रैल को 21 कोरोना पॉजिटिव के सामने आए हैं। इनमें अकेले 19 केस नगरी से है। अजा-अजजा गल्र्स छात्रावास में एक साथ 19 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

रिपोर्ट की पुष्टि होते ही छात्राओं को छात्रावास में ही अलग से क्वारंटाइन कर अन्य छात्राओं की एंटीजेन किट से जांच की जा रही है। उधर 3 दिनों में जिले में एक्टिव केस की संख्या बढक़र 18 हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। एडवाइजरी जारी कर सभी बीएमओ को अनिवार्य रूप से कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

सोमवार को नगरी ब्लाक के अजा-अजजा गल्र्स छात्रावास में कुछ छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार आ रहा था। काफी इलाज कराने के बाद भी जब राहत नहीं मिली, तो छात्रावास प्रबंधन की ओर से उनका एंटीजन किट से कोरोना टेस्ट कराया गया।

19 छात्रों की पॉजिटिव रिपोर्ट मिलते ही प्रबंधन के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग की दी। फिर क्या था, आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंची और संक्रमित छात्राओं को तत्काल क्वारेंटाइन कराया। एहतियात के तौर पर छात्रावास को सेनेटाइज भी कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय है।

32 हजार से अधिक लोग हो चुके हैं संक्रमित

करीब 8 लाख आबादी वाले धमतरी जिले में अब तक 5 लाख 60 हजार 486 लोगों की कोरोना जांच की गई है, जिसमें 32 हजार 472 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से वर्तमान में 31 हजार 869 लोग स्वस्थ हो चुके है। वहीं 597 लोगों की मौत हुई है। जबकि वर्तमान में 18 कोरोना पॉजीटिव केस हैं।

नहीं है कोई ट्रेव्हल हिस्ट्री

स्वास्थ्य विभाग की मानें तो छात्रावास में पाई गई पॉजिटिव मरीजों की कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं पाई गई है। छात्राओं को सामान्य सर्दी, खांसी और बुखार आ रहा था। जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। ऐसे में छात्रावास प्रबंधन के भी होश उड़ गए हैं। बहरहाल छात्राओं को आवश्यक सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। 

जिले में अब तक 696774 को वैक्सीनेशन

जिले की जनसंख्या करीब 9 लाख है। इनमें से अब तक 355434 लोगों को वैक्सीन की बूस्टर डोज लगी है। 696774 को पहली, 644730 को दूसरी व 231025 को बूस्टर डोज लग गई है। इधर 12 से 14 साल में 62 फीसदी और 15 से 17 साल में 71 फीसदी किशोरों को ही दूसरी डोज की लगाई जा सकी है।

उम्रवार मरीजों की जानकारी

उम्र- अब तक मिले मरीज

12 साल तक- 1989

13 से 25 साल- 7074

26 से 40 साल- 11395

41 से 60 साल- 9045

61 साल से अधिक- 2982


अन्य पोस्ट