धमतरी

धमतरी में 5 कोरोना संक्रमित मिले, एक युवक की मौत
03-Apr-2023 3:10 PM
धमतरी में 5 कोरोना संक्रमित मिले, एक युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 3 अप्रैल। जिले में 2 साल के बाद एक साथ कोरोना संक्रमण से पीडि़त नए मरीजों की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप है। जानकारी अपडेट होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची और सभी सदस्यों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया। सुरक्षा की दृष्टि से मरीजों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही जिले में अलर्ट जारी किया गया है।

कोरोना का नया वेरिएंट को लेकर केन्द्र और राज्य सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग ने इसका प्रचार-प्रसार कर लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है, लेकिन इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है। कोरोना पीडि़त 5 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि होते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इनमें नगरी में 3, गुजरा ब्लाक के  सोरम में 1, धमतरी से 1 पॉजिटिव मरीज है। करीब 8 लाख आबादी वाले धमतरी जिले में अब तक 5 लाख 60 हजार 486 लोगों की कोरोना जांच की गई है, जिसमें 32 हजार 472 लोग संक्रमित हुए हैं।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क अनिवार्य

पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर एडवाइजरी जारी कर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को मास्क लगाने पर जोर दिया जा रहा है। जिला अस्पताल में मास्क नहीं लगाने वाले लोगों के खिलाफ जल्दी ही कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। इसके पूर्व अस्पताल आने वाले लोगों को कोरोना गाइडलाइन के बारे में जानकारी देकर उन्हें इसका पालन करने के लिए कहा है।

नोडल अफसर डॉ.विजय फूलमाली ने कहा कि कोरोना के पॉजिटिव मरीजों में सर्दी, खांसी और बुखार के सामान्य लक्षण पाया गया है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। शासन के कोरोना गाइडलाइन का पालन कर संक्रमण से बचने की अपील की जा रही है।


अन्य पोस्ट