निकाली भ्रष्टाचार की बारात, सामरी विधायक पर साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुसमी, 24 सितम्बर। प्रदेश की सामरी विधानसभा के अंतर्गत कुसमी नगर पंचायत क्षेत्र में भाजयुमो ने विधायक चिंतामणि महाराज व कांग्रेस पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए स्थानीय बस स्टैण्ड के समीप नुक्कड़-नाटक का प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक चिंतामणि महाराज की वेशभूषा में मुखौटा तैयार कर उन्हें दूल्हा बनाकर भ्रष्टाचार की बारात निकाली। कुसमी नगर भ्रमण कर कांग्रेस विधायक के ऊपर जमकर हल्ला बोला।
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा बलरामपुर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष विकेश साहू के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया. जिसमें कार्यक्रम का संचालक भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक चिंतामणि महाराज पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सामरी विधानसभा का विकास भ्रष्टाचार के कारण ठप हो गया है। इस सरकार में सामरी विधायक चिंतामणि को सिर्फ ‘मनी’ की चिंता है। सामरी विधानसभा में चलने वाले निर्माण कार्यों से अपनी कमिशन फिक्स कर अवैध राशि की वसूली कर कई करोड़ रूपये का सम्पत्ति अर्जित कर लिए हैं। सामरी विधानसभा व कुसमी क्षेत्र व यहां की गरीब जनता के विकास से कोई लेना देना नहीं हैं। सत्ता की गुमान में बैठे विधायक आम लोगों का शोषण कर गरीब किसान - मजदूर सहित सभी के साथ छलावा करने में लगे हैं विधायक को क्षेत्र के विकास से कोई सरोकार नहीं है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सामरी विधानसभा क्षेत्र के कुसमी नगर में उक्त आयोजन के संबंध में सूचना प्रसारित कर ग्रामीणों को आगाज किया। इसके फलस्वरूप युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ भ्रष्टाचार की बारात निकालकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सामरी विधानसभा क्षेत्र में सभी विभागों में चहेते अधिकारियों को काबिज करा कर भ्रष्टाचार की चरम सीमा से ग्रामीणों को अवगत कराया। तथा कहा विकास के नाम पर सिर्फ विधायक ने लोगों को झूठा आश्वासन दिया है।
भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष विकेश साहू ने कहा कि विधायक जी और प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवाओं का रोजगार खा गए, बुजुर्गों का पेंशन खा गए, ग्रामीणों का प्रधानमंत्री आवास खा गए, किसानों का बोनस खा गए, साथ ही प्रदेश कांग्रेस सरकार ने पीएससी घोटाला, कोयला घोटाला, शराब घोटाला, चावल घोटाला, गोबर घोटाला, बालू घोटाला, जमीन घोटाला, ऐसे कृत्य कर प्रदेश के हर वर्ग को निराश कर समस्त वर्गो को ठगने का काम किया है।
भाजपा नेता जन्मजय सिंह ने भी स्थानीय विधायक पर हल्ला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है तथा अधिकारियों पर जमकर दबाव भी है. जो अधिकारी विधायक का नहीं सुनते हैं उन्हें तत्काल अन्यत्र हटा दिया जाता है व चहेते अधिकारियों से काम लिया जाता है, जिससे अवैध उगाही की जा सकें।
वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर कहा देश को विकास के राह पर जोडऩे प्रधानमंत्री सही राह पर चल रहे हैं। राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुवें प्रधानमंत्री का अथक प्रयास बताया एवं सभी को प्रधानमंत्री के विचारों के साथ प्रदेश में चहुंमुखी विकास के लिए भाजपा की सरकार बनाने ग्रामीणों को जागरूक किया। सभा को भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विवेक जायसवाल ने भी सम्बोधित किया।
इस दौरान कार्यक्रम में नवीन सिंह, अजय प्रताप सिंह, लक्ष्मण पैकरा, राहुल गुप्ता, नितेश गुप्ता, राहुल सिंह, आशीष यादव, अजय सोनवानी, नितेश सिंह, खुमराज सिंह, सुभाष, मोहन, दीपक सिंह, भोलाशंकर, श्याम, धर्मेंद्र सोनी, रोशन गुप्ता, रोहित गुप्ता, टिबलु, जगजीवन, संजय बुनकर, सतीश राम सहित हजारों की संख्या में दूर-दराज के ग्रामीण उपस्थित थे।
भ्रष्टाचार की बारात में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का पहना मुखौटा
कार्यकर्ताओं ने कुसमी में भ्रष्टाचार की बारात बैंड-बाजे के साथ शहर के मुख्य मार्गों से निकाली। भ्रष्टाचार की बारात में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का मुखौटा पहनकर भाजयुमो कार्यकर्ता गाड़ी में सवार हुए।
पूज्य गहिरा गुरू का नाम किया धूमिल
भाजयुमो के पदाधिकारियों ने चिंतामणि महाराज पर पूज्य रामेश्वरम् गहिरा गुरु महाराज का नाम धूमिल करने का भी आरोप लगाया।
गहिरा गुरु महाराज ने साल 1943 में वनवासियों के योजनाबद्ध सर्वांगीण विकास के लिए ‘सनातन संत समाज’ नाम के संस्था की स्थापना की। उन्होंने सत्य, अहिंसा, दया, क्षमा धारण करने की सीख दी। भाजयुमो नेताओं ने चिंतामणि महाराज पर पिता के बताए पदचिन्हों के विपरीत काम करने का आरोप लगाया।