ग्रामीणों ने थाना घेरकर आंदोलन की दी चेतावनी
मंत्री ने कहा हमारा निज सचिव नहीं, कहीं से अटैच कराकर हमारे कार्यालय में बैठता था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 अप्रैल। मंत्री अमरजीत भगत के कथित निज सचिव सहित आठ लोगों पर 18.69 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर फर्जी तरीके से कब्जा, नामांतरण और बिक्री का आरोप ग्राम के सरपंच, उप सरपंच सहित भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने लगाया है।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने फर्जी रूप से शासकीय भूमि पट्टा वितरण का विरोध कर थाना घेरकर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर, मंत्री अमरजीत भगत ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि कथित भूपेंद्र यादव उनके यहां निज सचिव नहीं था। पहले वह कांग्रेस कार्यकर्ता था, फिर शिक्षक बना और क्षेत्र का बच्चा होने के नाते कहीं से अटैच कराकर कांग्रेस कार्यालय में बैठता था। मामले की जानकारी के बाद उसे मूल पद पर भेजने आदेशित कर दिया गया है। वहीं मंत्री ने यह भी बताया कि इस मामले में कई लोग शामिल हैं, जिनके विरूद्ध जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक विकासखंड के ग्राम पंचायत भटको और करदना में शासकीय भूमि के साढ़े 18 हेक्टेयर जमीन को फर्जी तरीके से कूटरचना कर अपने नाम कराने और बेचे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।
इस प्रकरण में भाजपा जिला महामंत्री देवनाथ सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री निशांत गुप्ता, ग्राम पंचायत भटको के सरपंच भुनेश्वरी मरावी, उपसरपंच शशांक कुमार गुप्ता,सरपंच पति बुधेश मरावी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामवासियों ने थाना बतौली आकर अवैध रूप से शासकीय भूमि को हस्तांतरण करने की जांच करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग का आवेदन दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भटको और करदना में शासकीय भूमि के अ_ारह हेक्टेयर जमीन जो 46 एकड़ होता है को अन्यंत्र गांव के 8 लोगों ने अपने नाम से करा लिया। ग्रामवासियों ने बताया कि पेशे से शिक्षक रामानंद यादव और उनके दो पुत्रों हेमंत यादव और भूपेंद्र यादव ने पटवारी कंचराम से सांठगांठ कर अपने नाम से क्रमश: 4.31 हेक्टेयर,0.800 हेक्टेयर 4.77 हेक्टेयर और 1.91 हेक्टेयर 1.28 हेक्टेयर जमीन को फर्जी तरीके से कब्जा दिखाकर शासकीय भूमि का पट्टा बनवा लिया है। पट्टा बनवाने के बाद इसमें धान की खेती दिखाकर सोसाइटी में धान बेच भी दिया है । इसी प्रकार सुशील तिग्गा अंबिकापुर और शैलेश पप्पू ने 0.58 हेक्टेयर, 0.32 हेक्टेयर, 0.13 हेक्टेयर, 1.40 हेक्टेयर, 0.24 हेक्टेयर, 1.17 हेक्टेयर ,1.11 हेक्टेयर, 0.55 हेक्टेयर, अपने नाम से दर्ज करा लिया है ।ग्रामवासियों ने कहा कि 29/2 पर भूमि गोचर मद में है, उसे भी सुंदर और शुभम ने अपने नाम से फर्जी पट्टा दिखाकर बीना गुप्ता को विक्रय किया।
ग्रामीणों ने कहा कि वन भूमि पर जब पट्टा वितरण हो रहा था तब कुछ गांव के अन्य लोग काबीज थे, परंतु पटवारी और तहसीलदार के साथ सांठगांठ करते हुए दूसरे लोगों को पट्टा दिया गया। फर्जी तरीके से उनके नाम से चढ़ा दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक रामानंद यादव के पुत्र हेमंत यादव, ग्राम पंचायत भटको पटवारी हल्का नंबर 4 के पटवारी कंचराम के साथ मिलकर काम करता था और उसका भाई भूपेंद्र यादव जो पेशे से शिक्षक है। आरोप है कि पटवारी के सहयोगी हेमंत कुमार और कथित निज सचिव के रूप में काम करते हुए भूपेंद्र यादव ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कूटरचना करके जमीन को अपने नाम में करा लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि 1 सप्ताह पहले हमने तहसीलदार बतौली को इस प्रकरण में जांच के लिए आवेदन किया था,परंतु किसी भी प्रकार की जांच नहीं किया गया। तब हमने मजबूर होकर थाना बतौली में प्रकरण दर्ज करने का आवेदन लगाया है। एक सप्ताह के अंदर अगर इस पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है तो तहसील बतौली का घेराव और चक्काजाम किया जाएगा।
जांच दल गठित कर दिया गया है-तहसीलदार
मामले को लेकर तहसीलदार आईसी यादव ने बताया कि एक सप्ताह पहले ग्रामीणों ने आवेदन दिया था, उक्त प्रकरण में एक जांच दल गठित कर दिया गया है। जांच अधिकारी के रूप में राजस्व निरीक्षक शिवपूजन तिवारी और अन्य पटवारी संलग्न किए गए हैं। जांच उपरांत जो भी बातें सामने आएगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी फरदीनन्द कुजूर ने बताया कि ग्रामीणों ने आवेदन दिया है, उसकी जांच करेंगे। जो भी इसमें तथ्य जांच में सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।
शासकीय भूमि का बंदरबांट कर उसके नाम से धान भी बेचा है- सरपंच
ग्राम पंचायत भटको की सरपंच भुनेश्वरी मरावी ने कहा कि ग्राम पंचायत से कोई अनुमति या प्रस्ताव नहीं दिया गया है। पटवारी और तहसीलदार पद के प्रभाव में आकर 18.69 हेक्टेयर शासकीय भूमि का बंदरबांट किया गया है। फर्जी तरीके से नामांतरण करा कर धान विक्रय किया गया है,इसकी भी जांच होनी चाहिए।