मेयर ने किया रामायण मंडली प्रतियोगिता का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर। रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश पर गत दिनों वार्ड स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में चयनित रामायण मंडलियों की मानस प्रस्तुति के लिए नगरीय निकाय स्तर पर 10 दिसंबर को गांधी सभागृह में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने प्रभु श्रीराम एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण व राज्य गीत के माध्यम से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छग खादी ग्रामोद्योग के सदस्य श्रीकिशन खंडेलवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिनारायण पप्पू धकेता, संगीता गजभिये, महेश साहू, झम्मन देवांगन, प्रभात गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह, भूपेन्द्र वाडेकर, अनिमेष चंद्राकर, सुषमा साहू, आयुषी सिंह, पिंकी खाती, अशोक चौबे, देवेन्द्र सोनी, चंद्रिका प्रसाद सिन्हा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि आज नगरीय निकाय स्तर पर आयोजित रामायण प्रतियोगिता में वार्ड स्तरीय आयोजित प्रतियोगिता में चयनित मंडली रामचरित मानस पर अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन मुश्किल से बहुत पुण्य के बाद अच्छे कर्म करने के लिए मिलता है। श्रीराम न्याय प्रिय तथा आज्ञाकारी राजा थे, जिन्होंने अपने पिता की आज्ञा पर वन को चले गए और समय आने पर रावण जैसे ज्ञानि राजा को दंडित किया, क्योकि उनके कर्म अच्छे नहीं थे। हमे श्री राम के पदचिन्ह पर चल अच्छे कर्मकर अपने जीवन को सफल बनाना है।
चयन समिति की शोभा श्रीवास्तव ने बताया कि रामचरित मानस के सारे पात्र यह सिद्ध करते हैं कि सफल जीवन में मनुष्य ने कितना जीवन जिया, यह महत्व नहीं है, बल्कि कैसे जीवन जीया यह महत्व रखता है।
नगरीय निकाय स्तरीय प्रतियोगिता में वार्ड स्तर से चयनित तीन मंडली क्रमश: लखोली वार्ड नं. 31 की मंडली संत मिलन मानस परिवार, रेवाडीह वार्ड नं. 22 की मंडली संत्संग के गंगा मानस परिवार एवं हल्दी वार्ड नं. 51 की मंडली आदर्श श्रीराम चरित मानस परिवार अपनी प्रस्तुति दी।
इनमें से चयनित मंडली जनपद पचायत स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रस्तुति देंगे। प्रतियोगिता के चयन समिति के सदस्यों डॉ. सुश्री शोभा श्रीवास्तव, राजेश स्वर्णकार एवं गोपी पटेल का प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग प्रदान करने पर शाल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार प्रतिभगी मंडलियों को रामायण एवं नगद राशि से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन महापौर परिषद के सचिव संजीव कुमार मिश्रा ने किया। रामायण प्रतियोगिता में मानस प्रेमी उपस्थित थे।