दुर्ग, 12 मार्च। बिहार में रोहतास जिले के थाना नटवर क्षेत्र में मिली छत्तीसगढ़ की 41 लड़कियों में से दुर्ग जिले की तीन लड़कियों को लेकर अंजोरा चौकी पुलिस बिहार से दुर्ग के लिए बुधवार की सुबह रवाना हो रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व बिहार पुलिस ने सासाराम के रोहतास इलाके में छापेमारी की थी जिसमें 41 लड़कियों और तीन लडक़ों को रेस्क्यू किया था। इसमें कई लड़कियां छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों की थी, वहीं दुर्ग जिले की तीन लड़कियां भी शामिल थी। इस पर अंजोरा चौकी पुलिस की टीम अंजोरा चौकी प्रभारी रामनारायण ध्रुव के नेतृत्व में शनिवार को किशोरियों को लेने बिहार रवाना हुई थी। जानकारी के मुताबिक पुलिस सभी का बयान लेने एवं कागजात पूर्ण हो जाने के बाद लड़कियों को लेकर बुधवार की सुबह दुर्ग के लिए रवाना हो रही है, जिनके गुरुवार की सुबह पहुंचने की संभावना है।
पहले सभी लड़कियों को रायपुर ले जाया जाएगा और वहां सभी के परिजनों को बुलाया जाएगा। उसके बाद अंजोरा पुलिस उन्हें दुर्ग लेकर आयेगी। नाबालिग किशोरियों को आर्केस्ट्रा में काम करने और हर महीने मोटी रकम अदा करने का झांसा देकर बिहार कुछ लोग लेकर गए थे। माली हालत खराब होने पर लड़कियां मेहनत से पैसा कमाने के लिए बिहार चली गई थी।