‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति तथा शिक्षक शिक्षिकाओं के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने संसदीय सचिव यू.डी. मिंज से मिलकर अपनी समस्याएं रखते हुए ज्ञापन सौंपा ।
ज्ञात हो कि कुनकुरी में सन् 1964 से संचालित विद्यालय शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय सलियाटोली में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय प्रारम्भ होने के फलस्वरूप यहाँ पदस्थापित शिक्षिकाओं एवं कार्यालयीन कर्मचारियों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी,जशपुर द्वारा मंगाए जाने के कारण पिछले 56 वर्षो का गौरवपूर्ण इतिहास समेटे इस हिंदी माध्यम विद्यालय में अध्ययन कर रहे गरीब परिवारों के छात्रावासी एवं अन्य बच्चों के भविष्य पर प्रश्न चिन्ह उत्पन्न हो गया है।
इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन कुनकुरी के अध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष वाई.आर. कैवर्त, संगठन मंत्री अनिल कुमार सिंह,कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा,शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रितेश नायक,संरक्षक सदस्य बेमताटोली सरपंच राजकुमारी लकड़ा,सदस्य उपसरपंच पंकज गुप्ता एवं विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कुनकुरी विधायक एवं संसदीय सचिव यू.डी. मिंज के पास पहुंचकर अपनी बात रखी एवं इस विद्यालय को बंद न होने देने के लिए पहल करने का अनुरोध किया। सबकी बातों को संसदीय सचिव ने विस्तार से सुना एवं आश्वासन दिया कि इस विद्यालय को बंद नहीं होने देने हेतु वे संकल्पित हैं तथा उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी,जशपुर को तुरंत संदेश भिजवाया कि उनकी जानकारी के बिना उनके संसदीय क्षेत्र के किसी भी हिंदी माध्यम विद्यालय को बंद करने का प्रस्ताव न भेजा जाए।
संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने संसदीय सचिव महोदय को तत्काल पहल करने पर हार्दिक धन्यवाद दिया। इसके पश्चात संसदीय सचिव ने उपस्थित कर्मचारियों से उनकी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा कर उनके निदान हेतु तत्काल अधिकारियों को निर्देशित किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया) 24 नवंबर। आचार संहिता लगते ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने सभी राजनीतिक दलों की बैठक ली, बैठक बमुश्किल 15 मिनट ही चल पाई, सभी राजनीतिक दलों ने कोरिया के साथ हुए अन्याय के खिलाफ जनभावना को देखते हुए चुनाव के बहिष्कार की बात कही, जिस पर कलेक्टर ने कहा कि चुनाव में आप लोग उतरिए सरकार आपके लिए कुछ ना कुछ हल जरूर निकालेगी।
बैठक से बाहर आते ही कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने कहा कि मैं तो नहीं, पर साथ कई सभी नेताओं ने एक स्वर में जनभावना की मंशा जिला प्रशासन का बता दी है। वहीं सर्व आदिवासी समाज के नेता विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठक में कलेक्टर साहब से आदर्श आचार संहिता की जानकारी दी, उसके बाद हम सभी मिलकर यह बताया कि कोरिया के साथ जो अन्याय हुआ उसके खिलाफ हम सब ने फैसला लिया है कि हम किसी भी कीमत पर चुनाव में नहीं उतरेगें और इस चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
कोरिया जिले के बंटवारें में हुए अन्याय के खिलाफ सभी राजनैतिक दलों ने एकजुटता का परिचय देकर कलेक्टर के द्वारा बुलाई बैठक में अपने इरादे साफ कर दिए। नगरीय निकाय में आचार संहिता लगते ही कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम धावड़े ने सभी राजनैतिक दलों की बैठक बुलाई, बैठक 3 बजे शुरू होनी थी, 3.15 पर बैठक शुरू हुई और 3 बजकर 40 मिनट पर बैठक खत्म हो गई, बैठक से सबसे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता योगेश शुक्ला बाहर आए उन्होने बताया कि जनभावना को देखते हुए जो फैसला लिया गया है उससे कलेक्टर साहब को अवगत कराया गया है। उसके बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, भाजपा के पंकज गुप्ता के साथ अन्य राजनैतिक दलों के लोग बाहर आए और सभी ने एक स्वर में बैकुंठपुर और चरचा शिवपुर नगर पालिका में होने वाले चुनाव को बहिष्कार करने के निर्णय का समर्थन किया।
कोरिया के विभाजन को लेकर कोरिया बचाओ मंच के साथ हर कोई कदम से कदम मिलाकर इस लडाई को लडने की पूरी तैयारी में है। दरअसल, खडग़वां के ज्यादातर आदिवासी क्षेत्र के ग्रामीणों को नए जिले के गठन से कई परेशानियों का सामना करना पडेगा अभी जिन्हे जिलामुख्यालय आने में 30 किमी की दूरी तय करना पडता है। उन्हे मनेन्द्रगढ जाने के लिए 50 से 60 किमी की दूरी तय करना होगा, वहीें 5वी अनुसूची वाले कोरिया जिले के विभाजन में आदिवासी हितों को ध्यान नहीं रखा गया है जिसे लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी आदिवासियों में देखी जा रही हैं।
25 को जाएंगे रायपुर
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 25 नवंबर को रायपुर बुलाया है, उन्होने बताया कि मुझे रायपुर बुलाया गया है जहां जाकर मै कोरिया को लेकर लोगों की जनभावना की पूरी स्थिति स्पष्ट करूंगा, कोरिया के विभाजन को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है उससे प्रदेश कां्रग्रेस कमैटी को पूरी तरह से अवगत कराया जाएगा।
राजनांदगांव, 24 नवंबर। जिले में विगत दिवस कुल 1.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। किसानों द्वारा कुल 3 लाख 66 हजार हेक्टेयर रकबे में खरीफ की विभिन्न फसले ली गई है। जिसमें मुख्य रूप से धान एवं सोयाबीन की फसलें है। सोयाबीन फसल कटाई पूर्ण कर ली गई है तथा किसानों द्वारा धान फसल की कटाई एवं मिंजाई का कार्य तेजी से चल रहा है। जिले में लगभग 60 प्रतिशत धान फसल की कटाई पूर्ण कर ली गई है। विगत दिवस हुई वर्षा से धान की कटी फसल में क्षति होने की संभावना हो सकती है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत के कंडिका क्रमांक-13 (ग) फसल कटाई के उपरांत खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल में नुकसान होने की स्थिति में योजनान्तर्गत निहित प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने का प्रावधान है। फसल कटाई के उपरांत खेत में सूखाने के लिए रखी हुई अथवा बंडल में रखी हुई अधिसूचित फसल को प्राकृतिक आपदा यथा-ओले, चक्रवात एवं बेमौसम वर्षा से अधिसूचित इकाई में 25 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रफल में फसलों को क्षति होती है तो ऐसी स्थिति में सेम्पल जांच कर सभी बीमित किसानों को क्षति का भुगतान किया जाएगा।
यदि अधिसूचित इकाई में 25 प्रतिशत से कम हानि होती है तो उन सभी प्रभावित बीमित किसानों के नुकसान की जांच कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति हेतु पात्र घोषित की जाएगी। किसान इसकी सूचना क्रियान्वयन बीमा कंपनी को सीधे टोल फ्री नंबर पर या लिखित रूप से अथवा स्थानीय राजस्व, कृषि अधिकारियों, संबंधित बैंक अथवा जिला कृषि पदाधिकारी व राजस्व पदाधिकारी को लिखित रूप से निर्धारित समय-सीमा 72 घंटे के भीतर बीमित फसल के ब्योरे क्षति की मात्रा तथा क्षति के कारण सहित सूचित कर सकते हैं।
भाटापारा, 24 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बूथ कमेटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा शहर का गठन करने एक बैठक की गई, जिसमे शहर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल जिला उपाध्यक्ष अशोक ध्रुव प्रभारी महामंत्री प्रशांत गांधी एल्डरमैन कुमारी जांगड़े मुकेश साहू ब्लॉक सचिव किशन जांगड़े आदि शामिल हुए।
भाटापारा, 24 नवंबर। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो भिन्न मामले में अवैध शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शहर थाना प्रभारी महेश ध्रुव के नेतृत्व में सुरखी शराब भ_ी से अधिक मात्रा में शराब विक्रय के लिये ले जाते हुए आरोपी विजय कुर्रे को पकड़ा है उसके पास से 25 पाव देशी मसाला शराब जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 34 (ए) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। वहीं दूसरा मामला बस स्टैड के पास अधिक मात्रा मे शराब लेकर बिक्री करने के लिए घूम रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आरोपी महेश गहरे को पकड़ा है। उसके पास से 18 पाव देशी मसाला शराब जब्त किया गया आरोपी के खिलाफ धारा 34 (ए) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है।
भाटापारा, 24 नवंबर। शहर थाना मे एसडीओपी सिद्धार्थ बघेल ने एक समीक्षा बैठक की, जिसमे शहर थाना के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित हुए। बैठक में थाना भाटापारा शहर में अपराध मर्ग, शिकायत के तत्वरित निराकरण के निर्देश दिये गये साथ हीं अपराध मर्ग सदरी शिकायत के त्वरित निकाल करने विवेचकों एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया वही भाटापारा के सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पर चर्चा करते हुए भाटापारा अंतर्गत थाना प्रभारियो को दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए। पेडिंग प्रकरणो को जल्द निपटाने के आदेश भी एसडीओपी सिद्धार्थ बघेल ने दिए है। इस दौरान टीआई महेश ध्रुव एवं शहर थाना के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
राजनांदगांव, 24 नवंबर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना दीनदयाल आवास अंतर्गत राजनांदगांव शहर के कौरिनभाठा में कुल 792 आवास का निर्माण किया जाना है। जिसमें 544 भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य पूर्ण कर हितग्राहियों को भवन आबंटित किया जा चुका है। बड़ी संख्या में हितग्राही कालोनी में निवासरत है। शेष 248 भवनों का निर्माण किया जाना है, जिसमें से वर्तमान में 112 एलआईजी (जी-3) प्रकोष्ठ भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। भवनों का मूल्य 11 लाख 20 हजार रुपए से 12 लाख 40 हजार रुपए है। कालोनी से मात्र एक किमी की दूरी पर नेशनल हाईवे, 800 मीटर की दूरी पर कमला कॉलेज, 1.5 किमी की दूरी पर भदौरिया चौक (अम्बेडकर चौक) स्थित है। साथ ही आवास स्थल के समीप सृष्टि कालोनी, रिद्धी-सिद्धी कालोनी, आफिसर्स क्लब स्थित है। शहर के प्राईम लोकेशन में आवास प्राप्त करने का सुनहरा अवसर के लिए बुकिंग प्रारंभ है। प्रस्तावित 112 एलआईजी (जी-3) प्रकोष्ठ भवन निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए बनाया जा रहा है, जिनकी वार्षिक आय 6 लाख रुपए या 6 लाख रुपए से कम होना चाहिए।
राजनांदगांव, 24 नवंबर। सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रूपेश कुमार वर्मा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अंतर्गत खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 अंतर्गत अनुभाग गंडई-छुईखदान के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों में पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की जानकरी ली। इस दौरान मतदान केन्द्र क्रमांक 146 एवं 147 झूरानदी के बीएलओ ग्राम सचिव एवं रोजगार सहायक तथा मतदान केन्द्र क्रमांक 119 खैरानवापारा के अविहित अधिकारी के अपने कर्तव्य पर अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दिए। सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वर्मा ने मतदाता केन्द्र क्रमांक 70 एवं 71 नवीन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गंडई में निरीक्षण के दौरान महिला मतदाताओं की संख्या पुरूष मतदाता से अधिक होने पर प्रभावित हुए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार छुईखदान मोक्षदा देवांगन, तहसीलदार गंडई श्री टीआर वर्मा, दिलेश तिवारी सहित अधिकारी उपस्थित थे।
गरियाबंद, 24 नवंबर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत द्वारा स्थानीय सर्किट हाउस में जिला अस्पताल एवं नगर पालिका गरियाबंद के 45 स्वच्छता हितग्राहियों को स्वच्छता किट प्रदान किया। साथ ही पुरुष नसबंदी पखवाड़ा अंतर्गत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रभारी मंत्री मंगलवार को गरियाबंद जिले के प्रवास के दौरान पीपरछेड़ी, रसेला व बोरिद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी गण मौजूद थे।
महानदी के पानी का सैंपल नीरी नागपुर को जांच के लिए भेजा गया है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। शहर में पिछले कई दिनों से चल रही पानी की समस्या को देखते हुए कल मंगलवार को नगर पालिका में आपात बैठक बुलाई गई। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर की अध्यक्षता में नगर पालिका के सभापति और पार्षदों की बैठक में शहर में पानी की किल्लत को देखते हुए फैसला लिया गया कि आज बुधवार से निस्तारी के लिए नलों से पानी की सप्लाई की जाएगी। वहीं पीने के लिए टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई जारी रहेगी। इस संबंध में सोमवार की रात शहर में मुनादी करा दी गई है कि नलों से आ रहे पानी का उपयोग सिर्फ निस्तारी के लिए करें, पीने और खाना बनाने आदि के लिए आसपास बोर आदि से पानी की व्यवस्था करें।
जानकारी मिली है कि फिल्टर प्लांट के जरिए शहर में सप्लाई होने वाले महानदी के पानी की जांच पीएचई लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने पूरी कर ली है। लेकिन इससे बदबू क्यों आ रही है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। दो दिन पहले लिए गए सैंपल की जांच में पीएचई के अधिकारियों ने पाया कि पानी में टीडीएस टोटल डिसॉल्व्ड सॉलिड और पीएच पावर ऑफ हाइड्रोजन की वैल्यू सामान्य है। टीडीएस और पीएच वैल्यू सामान्य होने पर पानी पीने योग्य होता है। लेकिन पानी बदबूदार क्यों है, इसकी जानकारी पीएचई के लैब में टेस्टिंग के दौरान पता नहीं चल पाई है। अब नगर पालिका सहित जिले के प्रशासनिक अमले को राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान नीरी नागपुर की रिपोर्ट का इंतजार है। दो दिन पहले ही पीएचईए जल संसाधन विभाग और नगरीय प्रशासन विभाग ने महानदी के पानी का सैंपल नीरी नागपुर को जांच के लिए भेजा है।
पीएचई के कार्यपालन अभियंता शंकर धकाते ने बताया महानदी के ठहरे हुए पानी की जांच की गई है। पानी में बैक्टीरिया काफी अधिक मात्रा में पाया गया है। हालांकि ठहरे हुए पानी में बैक्टीरिया होती ही है और उसे ट्रीटमेंट के दौरान क्लोरीन के जरिए समाप्त कर लिया जाता है। हमने पानी की जो टेस्टिंग की है, उसके अनुसार पानी का टीडीएस और पीएच वैल्यू सामान्य है। इसका मतलब यह है कि पानी पीने योग्य है। पानी से बदबू क्यों आ रही है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। पानी का सैंपल नीरी को भी भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि 1 लीटर पानी में टीडीएस वैल्यू 300 से 600 होनी चाहिए। इसी तरह पीएच की मात्रा 6.5 से 8.5 तक होनी चाहिए।
वैसे नगर पालिका की ओर से बेलसोंडा फिल्टर प्लांट और शहर की पांच टंकियों की सफाई पूरी कर ली गई है। इन सभी की सफाई के बाद पानी से मथाई भी कराई गई है, ताकि जो भी गंदगी होए वो पानी के माध्यम से निकल जाए। कल मंगलवार को आयोजित बैठक में पालिकाध्यक्ष और प्रशासन की टीम ने जनप्रतिनिधियों को उक्त जानकारी दी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि शहर के पांच ओवरहैड टंकियों व फिल्टर प्लांट के एक-एक जगह की सफाई रायपुर व महासमुंद पालिका की टीम ने तीन दिन में पूरी की है।
कांग्रेस का प्रदर्शन
कल पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने पालिका में प्रदर्शन किया। नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर के साथ कांग्रेस पार्षद व पार्टी पदाधिकारी शहर में गंदे पानी की सप्लाई व आठ दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के मामले को लेकर पालिका पहुंचे। यहां उन्होंने पालिकाध्यक्ष को मटका थमाया और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि अध्यक्ष की निष्क्रियता के कारण ही यह दिन शहर की जनता को देखने को मिल रहा है। इनका आरोप है कि पालिकाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद से ही न टंकियों की सफाई हुई और न ही इंटकवेल को साफ किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कसडोल, 24 नवंबर। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नं.01 इंदिरा कालोनी में बसे देवार डेरा लंबे समय से शासकीय प्राथमिक शाला में पढऩे वाले छोटे बच्चों एवं पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास में रहने वाली छात्राओं सहित वहां प्लाट खरीदकर मकान बनाकर रहने वाले बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है।
देवार डेरा के महिला पुरुष आए दिन शराब आदि नशे में लत होकर गाली-गलौज करते हुए आपस में लड़ते रहते हैं। इन सभी से वहां के अन्य रहवासियों को जुझना पड़ता है। कोई एक व्यक्ति किसी को मना करे तो सभी के सभी उन्हीं पर टूट पड़ते हैं। इसलिए सभी बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों को चुपचाप सहना पड़ता है। इसके अलावा देवारों द्वारा फैलाए गंदगी का सामना भी उन्हीं लोगों को करना पड़ता है। लोगों को हमेशा अपने घर का दरवाजा बंद कर घर के भीतर रहना पड़ता है। एक तरह से कहा जाय तो वहां के अन्य रहवासियों के लिए वहां निवास करना नर्क से कम नहीं है।
खासकर कन्या छात्रावास के बच्चियों पर गहरा असर पड़ रहा है। आए दिन देवारों के शोरगुल से पढ़ाई लिखाई प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में हॉस्टल के अधीक्षिका ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि इनके शोर-शराबे से बच्चों के अध्ययन स्वाध्याय आदि काफी प्रभावित होती है। इनकी शिकायत कई बार की गई, किन्तु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यहां के अन्य सभी रहवासी सहित हम आपके माध्यम से नगर पंचायत एवं शासन-प्रशासन से मांग करते हैं कि देवार डेरा को कहीं अन्यत्र स्थान पर स्थानांनतरित करने की महती कृपा करें। वहां के कुछ बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने भी नाम न छापने की शर्त पर यही बातें कहीं और देवारों को अन्यत्र बसाने की मांग की है।
गौरतलब हो कि नगर कसडोल का प्रतीक्षा बस स्टैंड के सामने ही उक्त कालोनी स्थित है। जहां देवार समाज के महिला पुरुषों देखा जा सकता है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 24 नवंबर। बरमकेला के ग्राम पंचायत लिंजीर में आयोजित संकीर्तन सत्संग महासम्मेलन में बतौर अतिथि छत्तीसगढ़ अजा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, जनपद सदस्य दीनू नायक डॉ.हरिशंकर नायक,विधायक प्रतिनिधि जनपद उपाध्यक्ष गनपत जांगड़े शामिल हुए।
उल्लेखनीय हो कि ग्राम लिंजर में संकीर्तन सत्संग महासम्मेलन का आयोजन कीर्तन गुरु नरसिंह दास एवं सुशील महाराज तथा प्रमोद दास के द्वारा कराया गया। कार्यक्रम में विशेष रुप से ओडिशा राज्य के बरगढ़ जिला संकीर्तन परिषद के सम्मानित पदाधिकारी गण व आसपास के 12 गांव के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक उतरी जांगड़े ने सभी का आभार प्रकट किया और कहा कि आज मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने सौभाग्य प्राप्त हुई है जिसके लिए मैं सदैव आभारी रहूंगी यह कार्यक्रम जनकल्याण के लिए आयोजित हुई है, जो प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम में सरपंच पुष्पा पुरंजन राणा, वीरेंद्र पटेल, जगदीश पटेल कार्तिकेश्वर खडिय़ा, पुरुषोत्तम पटेल, तालदेवरी, गुणनिधि पटेल रोहिनापाली, धर्मेंद्र वर्मा, भूतनाथ पटेल अध्यक्ष राधा माधव मंदिर लेन्ध्रा, देवेंद्र पटेल, दीनबंधु वर्मा एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 24 नवंबर। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे के निर्देशानुसार इंटक कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रजनीश सेठ की अनुशंसा पर इंटक प्रदेश अध्यक्ष दीपक दुबे के द्वारा दिनेश बंजारे को राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक)का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
दिनेश बंजारे रायगढ़ जिला इंटक के ग्रामीण जिला अध्यक्ष हैं अब दो जिम्मेदारी दी गई है जिला के साथ -साथ प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश बंजारे ने कहा राष्ट्रहित एवं कांग्रेस की हर गतिविधियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के हर एक मजदूर भाइयों के लिए हर संभव कार्य करने का प्रयास करेंगे और कांग्रेस की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की टीम को मजबूत बनाएंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। कलेक्टर डोमन सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में 1 दिसम्बर से शुरू होने वाले धान खरीदी की अब तक की गई तैयारी और बारदाना आदि के बारे में पूरी जानकारी ली। उन्होंने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में जहां रास्ते खराब हैं, उन्हें दुरुस्त कर लिए जाएं ताकि किसानों और उनके वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
उन्होंने बिचौलियों और कोचियों द्वारा अवैध धान विक्रय के रोकथाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य की परीक्षण व मॉनिटरिंग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। वर्तमान वर्ष 2021-22 में किसान पंजीयन हेतु प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण तथा तकनीकी त्रुटि में सुधार 20 नवंबर तक थी। अब समिति स्तर पर अंतिम रूप से पंजीकृत किसानों की सूची प्रकाशित कर दावा आपत्ति प्राप्त कर उसका निराकरण 25 नवम्बर तक कर लिया जाए। इसके बाद अंतिम सूची प्रकाशित खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण निर्देशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्यवाही जारी दिशा-निर्देशानुसार सावधानी के साथ पूरी की जाए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर डॉ. नेहा कपूर, एसडीएम भागवत जायसवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एन के मंडपे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। मालूम हो कि इस बार जिले में 6 नए धान खरीदी केन्द्र खोले गए हैं जिसमें अछोला, डुमरपाली, ढांक, पिथौरा के ग्राम झारमुड़ा, बागबाहरा के ग्राम ओंकारबंद व घोटिया पानी, बसना के ग्राम दुलारपाली में खोले गए हैं। कलेक्टर ने कहा धान के अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले के सीमावर्ती सीमा पर नजर रखने के लिए 17 जांच नाका बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने पिछले दिनों बेमौसम बारिश से फसल को हुई क्षति के आंकलन और जरूरी कार्यवाही करने संबंधित अधिकारियों को कहा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 24 नवंबर। कृषि बिल वापस लेने पर किसान नेता व पूर्व सभापति जिलापंचायत दुर्ग राकेश ठाकुर ने बयान देते हुए कहा है कि काले कानूनों को एक साल पहले ही वापस ले लेना था। कानून पहले वापस लेती तो किसानों की जान नहीं जाती। काले कानूनों को समझने जनता और किसान को एक मिनट नहीं लगा था। उसे समझने में भाजपा ने एक साल लगा दिया।
कांग्रेस नेता राकेश ठाकुर ने कहा, कानून वापस ले लिया अच्छी बात है, लेकिन इसके पीछे कोई उनकी दुर्भावना नहीं होनी चाहिए।
किसानों की जान जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नींद से जागे है और कुम्भकरण नींद में सोए प्रधानमंत्री व भाजपा को किसानों की एकजुटता ने जगा दिया। लंबे समय से पूरा देश किसानों व अपने हक की लड़ाई लड़ रहा था अंतत: आज पूरे देश की जीत हुई। सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में पूरा छत्तीसगढ़ काले कृषि कानून के खिलाफ संघर्षरत थे।
श्री ठाकुर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिर्फ और सिर्फ अपने राजनीतिक फायदे के लिए आगामी कई राज्यो में विधानसभा चुनाव को देखते हुवे हार के डर से ये काला कानून वापस लेने का फैसला लिया है। जब जब चुनाव आता है। नरेंद्र मोदी व भाजपा कोई न कोई शिगूफा जरूर छोड़ती है, लेकिन अब किसान व देशवासी भाजपा की किसी भी शिगूफा और राजनीतिक चाल में नहीं आने वाले, किसान भाजपा की रीति व नीति दोनों समझ गई है।
हाल ही में कुछ राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजे में भाजपा का सूपड़ा साफ होने के बाद कृषि कानून बिल को वापस लेने के लिए भाजपा मजबूर हो गई। भाजपा किसान विरोधी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 नवंबर। मंगलवार को नवगठित रिसाली नगर पालिक निगम में हुए विकास और रचनात्मक कार्य के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताने निगम क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और नागरिक उमड़ पड़े। जोरातराई से शुरू हुई बाइक रैली में 800 से ज्यादा दुपहिया वाहनों का काफिला था। दुर्ग ग्रामीण विधायक व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू स्वयं ढाई घंटे में 15 किलोमीटर का सफर तय किया।
80 करोड़ से अधिक के विकास कार्य होने पर रिसाली नगर पालिक निगम क्षेत्र में गृहमंत्री के नेतृत्व में आभार रैली निकाला गया। रैली मंगलपुर सुबह 11 बजे जोरातराई से शुरू हुई।
दुर्ग ग्रामीण विधायक स्वयं बाइक चलाते हुए डुंडेरा, उतई तिराहा होते नेवई, मरोदा, रिसाली, मैत्रीनगर, कृष्णा टॉकिज होते मरोदा सेक्टर और फिर प्रगति नगर रूआबांधा दशहरा मैदान पहुंचे। भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव एवं भिलाई शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर भी मंत्री के साथ बाइक चलाते नजर आए। रैली के बाद गृहमंत्री ने सभा को संबोधित किया। सभा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के अलावा प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र साहू, अरूण सिसोदिया, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकुंद भाऊ, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, निवृत्तमान पार्षद, रिसाली निगम के पूर्व एल्डरमेन समेत युवक कांग्रेस एनएसयूआई व महिला कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।
चुनावी सभा नहीं
रूआबांधा दशहरा मैदान में संबोधित करते गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि यह चुनावी रैली नहीं है। उनकी इच्छा थी कि पहले वे आभार रैली निकाले फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा हो। पर कार्यक्रम बदलने के कारण वे रैली बाद में निकाल रहे है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रिसाली में हुए विकास कार्य के लिए है।
मंत्री ने किया लोकार्पण
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजनांतर्गत डुंडेरा में 23.69 लाख की लागत से बने गोठान का लोकार्पण गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। वे बाइक रैली के पूर्व डुंडेरा पहुंचे और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में कार्यपालन अभियंता सुशील बाबर, सहायक अभियंता आर के जैन, उपअभियंता अखिलेश गुप्ता, पूर्व एल्डरमेन तरूण बंजारे आदि उपस्थित थे।
जगह-जगह स्वागत
रैली के स्वागत और मुख्यमंत्री का आभार जताने नागरिक स्वत: एकत्र हुए थे। रैली जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई काफिला बढ़ते गया। रिसाली पहुंचते रैली आधा किलोमीटर से भी अधिक लंबा था।
बैकुंठपुर, और शिवपुर चरचा में होना है चुनाव, प्रशासन तैयारी में जुटा 'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया) 24 नवम्बर। कोरिया जिले की दो नगरीय निकाय क्षेत्रो में होने वाले चुनावों के लिए आज से आचार संहिता लागू हो गई। बैकुंठपुर और चरचा शिवपुर में होने वाले चुनावों को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। दूसरी ओर कोरिया के विभाजन को लेकर सभी दलों ने इस चुनाव के बायकॉट का फैसला किया है। अब देखना है नामांकन खरीदने से जमा करने तक हर दिन किस तरह के उतार चढ़ाव देखने को मिलते है।
चुनाव आयोग की घोषणा के बाद बैकुंठपुर और चरचा शिवपुर में आचार संहिता लागू हो गई है। 27 नवम्बर से चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत होगी और 20 दिसंबर को मतदान होगा जबकि 23 दिसंबर को मतों की गिनती के साथ परिणाम आएंगे। इधर, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम धावड़े ने चुनाव को लेकर हर मोर्चे पर तैयारी कर रखी है। दूसरी ओर कोरिया जिले के विभाजन को लेकर नाराजगी ज्यादा देखी जा रही है। कोरिया बचाओ मंच में बैनर तले हुई बैठक में दोनों नगर पालिका क्षेत्र में चुनाव का बायकॉट करने का फैसला लिया गया है।
दोनों सीट जीतेंगे
दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा बैकुंठपुर और चरचा शिवपुर नगर पालिकाओं में करोड़ो रूपये के विकास कार्यो की सौगात दी गई। वर्चुअल आयोजन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने मुख्यमंत्री से कहा कि चुनाव में दोनों सीटे कांग्रेस जीतेगी, उनके इस बयान पर जब उनसे'छत्तीसगढ़Ó ने पूछा तो उन्होंने कहा कि उनका कहना था कि जब भी चुनाव होगा वो दोनों सीट जीतेंगे, अभी के हालात अलग है और हो सकता है कि हालात में बदलाव आए और चुनाव हो सके या चुनाव 4 माह बाद हो।
राजनीतिक दल करेंगे चुनाव का बायकॉट
नगरीय निकाय चुनाव का बायकॉट करने समाजवादी पार्टी ने लिखित पत्र जारी किया है जबकि भाजपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और कांग्रेस के जिला अध्यक्षो ने सार्वजनिक रूप से कोरिया के विभाजन में हुए अन्याय के खिलाफ चुनावो का बायकॉट करने की बात कही है। अब देखना है 27 नवंबर से शुरू होने वाली चुनावी प्रक्रिया में कौन सा राजनीतिक दल किस तरह से चुनाव को देखता है।
क्या है आदर्श आचार संहिता
चुनाव की तारीखों का एलान होते ही आचार संहिता लागू हो जाती है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग कुछ नियम बनाता है। चुनाव आयोग के इन्हीं नियमों को आचार संहिता कहते हैं। चुनाव के दौरान इन नियमों का पालन करना सरकार, नेता और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी होती है। आचार संहिता चुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही लागू हो जाती है। चुनाव आयोग के चुनाव कार्यक्रमों का एलान करते ही आचार संहिता लागू हो जाती है। आचार संहिता चुनाव प्रक्रिया के संपन्न होने तक लागू रहती है। चुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लगती है और वोटों की गिनती होने तक जारी रहती है।
आचार संहिता के नियम
चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद कई नियम भी लागू हो जाते हैं। इनकी अवहेलना कोई भी राजनीतिक दल या राजनेता नहीं कर सकता। सार्वजनिक धन का इस्तेमाल किसी विशेष राजनीतिक दल या नेता को फायदा पहुंचाने वाले काम के लिए नहीं होगा। सरकारी गाड़ी, सरकारी विमान या सरकारी बंगले का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जायेगा। किसी भी तरह की सरकारी घोषणा, लोकार्पण और शिलान्यास आदि नहीं होगा। किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी, राजनेता या समर्थकों को रैली करने से पहले पुलिस से अनुमति लेनी होगी। किसी भी चुनावी रैली में धर्म या जाति के नाम पर वोट नहीं मांगे जाएंगे।चुनाव आचार संहिता के नियम सख्ती से लागू होते हैं। अगर इन नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके लिए सज़ा का प्रावधान भी है। चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
2019 में मनेन्द्रगढ़ वेयर हाउस से लिया था सैंपल 'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया) 24 नवंबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बांटे जाने वाला स्वादिष्ट चना का सैंपल अमानक पाए जाने पर न्यायलय अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णमन अधिकारी बैकुंठपुर ने चने के निर्माता और वितरक के खिलाफ 2 लाख रू का जुर्माना जमा करने का आदेश पारित किया है। जिले में यह पहला मौका है, जब सरकारी खाद्यान में वितरित होने वाला स्वादिष्ट चना अमानक पाया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सागर दत्ता ने मनेन्द्रगढ़ स्थित वेयर हाउस से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले स्वादिष्ट चना सैंपल लिया और जांच के लिए भेजा। भेजा गया सैंपल अमानक पाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उलंघ्घन के कारण अभियोजन पत्र खाद्य नियंत्रक द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। दरअसल, 31 जनवरी 2019 को मनेन्द्रगढ़ के चैनपुर स्थित वेयर हाउस खाद्य नियंत्रक द्वारा निरीक्षण कर सैंपल लिया गया। निरीक्षण के दौरान डीपो इंचार्ज कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और शाखा प्रबंधक राजाराम लकड़ा उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान वर्ष स्वादिष्ट चना 1 किलो का पैकेट दिसंबर 2018 में वितरण का वहां रखा पाया गया। शंका के आधार पर दोनों की सहमति पर उक्त चने का सैंपल लिया गया। सैंपल राज्य स्थित प्रयोगशाला भेजा गया। 14 मार्च 2019 को राज्य स्थित प्रयोगशाला से भेजे गए सैंपल को अमानक पाया गया। जिसके बाद डिपो इंचार्ज, प्रबंधक और निर्माता को जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील करने का पूरा अवसर प्रदान किया गया, परन्तु तीनों ने अपील नहीं की। अपील नहीं करने की दशा में खाद्य एवं औषधी प्रशासन ने न्यायालय में अभियोजन पत्र प्रस्तुत किया।
पैकेजिंग और निर्माण में पाई खामियां
स्वादिष्ट चना के निर्माताओं ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित निर्माण के लिए आवश्यक गुड मैन्यूफैक्चंिरंग प्रैक्टिस (जीएमपी) प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। जिसके कारण फंगस जिसका स्तर 65 प्रतिशत के अधिक 77 प्रतिशत पाया गया। ऐसे में निर्माता जगदलपुर निवासी दिनेश कुमार सोमानी और विजय कुमार सोमानी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 26 (1), 26(2) एवं 27 (1) का उल्लंधन पाना सिद्ध हुआ है। जो अधिनियम की धारा 51 के तहत दंडनीय है।
2 लाख का जुर्माना
न्यायालय अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णमन अधिकारी बैकुंठपुर के द्वारा निर्माता जगदलपुर निवासी दिनेश कुमार सोमानी और विजय कुमार सोमानी के विरूद्ध आदेश पारित करते हुए 2 लाख रू की शास्ति आरोपित की गई। उन्होंने अपने आदेश में आदेश की प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर अतिरिक्त जिला दंडाअधिकारी के छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक कलेक्टर कार्यालय शाखा मे जमा कर पावति न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खैरागढ़ निकाय चुनाव पर्यवेक्षक शाहिद भी होंगे बैठक में शामिल
च्छत्तीसगढ़ज् संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। खैरागढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश संगठन प्रभारी पीएल पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कल 24 नवंबर गुरुवार को चुनाव की तैयारी को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई है।
प्रदेश महासचिव शाहिद भाई को खैरागढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर भी पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त की गई है। राजीव भवन में आयोजित बैठक में विशेष तौर पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बैठक में शहर जिला एवं अन्य प्रमुख पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस बीच पर्यवेक्षक शाहिद भाई ने खैरागढ़ निकाय चुनाव को लेकर च्छत्तीसगढ़ज् से अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि प्रदेश सरकार की जनप्रभावी नीतियों से जनता बखूबी वाकिफ है।
प्रदेश सरकार की अभूतपूर्व योजनाओं से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। भाजपा के पास फिलहाल कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी ताकत के साथ निकाय चुनाव में कांग्रेस का डंका बजेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस की नीतियों की बदौलत पार्टी भाजपा को आसानी से निकाय चुनाव में मात देने में कामयाबी होगी। शाहिद ने कहा कि कांग्रेस की वापसी खैरागढ़ में तय है।
मुमुक्षु मयंक बी. कॉम तक शिक्षित, समाज में सौंदर्य उत्सव प्रारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। शहर के 27 साल के मयंक लोढ़ा वैराग्य की राह पर निकल पड़े हैं। मयंक लोढ़ा 24 से 28 नवंबर के 5 दिवसीय पंचान्हिका महोत्सव में मुमुक्षु के रूप में सांसारिक जीवन को त्याग कर तप और साधना मार्ग में निकलेंगे। स्थानीय पाश्र्वनाथ जैन मंदिर में बुधवार से सौंदर्य उत्सव प्रारंभ हो गया है। मुमुक्षु लोढ़ा ने वैराग्य जीवन में दाखिल होने से पूर्व प्रारंभिक नियमों का पालन करते करीब 1200 किमी का विहार धमतरी से कोटा राजस्थान तक किया। मयंक प्रेरणास्रोत के रूप में अध्यात्म योगी परम पूज्य श्री महेन्द्र सागर जी म.सा. युवा मनीषी परम पूज्य मनीष सागर जी म.सा. को मानते हैं। वह 7 साल से गुरू के सानिध्य में हैं।
बुधवार को सकल जैन समाज के अध्यक्ष नरेश डाकलिया की उपस्थिति में पत्रकारों को जानकारी देते बताया गया कि मयंक लोढ़ा शहर के संतोष लोढ़ा और श्रीमती ललिता लोढ़ा के सुपुत्र हैं। वह बी.कॉम तक शिक्षित हैं। कुछ दिनों तक उन्होंने सोने-चांदी का व्यापार भी किया। इसके बाद से उनका मन धार्मिक रिवाजों से जुड़ गया। काफी समय से वह जैन साधुओं के आचार-विचार का प्रतिपालन भी कर रहे थे। उन्होंने तपस्या को स्वीकार करते उपधान तप, नव्वाणु यात्रा, अठाई, वर्षीतप व 84 प्रहरी तप भी किया। इस बीच संयम जीवन के प्रवेश के पूर्व मनाए जाने वाले संयम सौंदर्य उत्सव के आयोजन व जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष नरेश डाकलिया, ट्रस्टीगण राजेंद्र कोटडिया, रिद्दकरन कोटडिया व अजय सिंगी ने बताया कि इस आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्था प्रभारी बनाए गए हैं।
कल 25 नवंबर को केवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तनी निर्पूणा श्री जी महाराज साहब की सुशिष्या प्रवीणा स्नेह यशा श्री जी म सा आदि ठाणा 4 के प्रवेश के पश्चात 8.30 से 9.30 बजे तक ज्ञान वल्लभ उपाश्रय में प्रवचन दिया जाएगा। सुबह 9.30 बजे से जैन पाश्र्वनाथ मंदिर में अमरेश भाई तथा संगीतकार जतीन भाई मुंबई वालों द्वारा वर्धमान शक्रस्तव अभिषेक पढ़ा जाएगा। संसार के परिभ्रमण से हट वैराग्य मार्ग पर जाने के पूर्व संसार के परिजनो के मध्य दोपहर 2.30 जैन बगीचा वीरामायरा हाथकाम, बंदोली शाम 7.30 आजाद चौक निवास पर रखा गया है।
वंदे शासनम स्पर्शना के अन्तर्गत विराजभाई शाह अहमदाबाद के में साथ संगीतलय प्रदान करेंगे जतिन भाई मुम्बई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी श्री वंदना पारख, अल्का कोटडिया, महापूजन व्यवस्था प्रभारी प्रशांत लुनिया, समकीत जैन, मनीष छाजेड़, आशीष बैद का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
लक्जरी कार से पहुंचे और चोरी की बाइक से रेकी के बाद घुसे मकान में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। सप्ताहभर पहले कांग्रेस की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा वर्मा के सृष्टि कॉलोनी स्थित आवास में लाखों रुपए की सेंधमारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े चोर गिरोह से कई अहम जानकारियां भी मिली है। यह गिरोह ऐश करने के लिए कहीं भी धावा बोलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर है। यह पहला मौका है जब इस गिरोह ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घटनाएं करने के बाद राजनांदगांव शहर को निशाना बनाया है। चोरों की पृष्ठभूमि बेहद खतरनाक है। सूने मकानों में यह गिरोह दिन में भी बेखौफ धावा बोलने में पीछे नहीं रहता है।
14-15 नवंबर की दरम्यानी रात को कांग्रेस नेत्री के घर दिन में ही लाखों रुपए के सामान पार कर गिरोह फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एक क्रेटा कार के संबंध में पतासाजी शुरू की। पुलिस को लक्जरी कार क्रेटा का संबंध इंदौर से होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने इंदौर शहर से 4 आरोपियों को सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि के साथ गिरफ्तार किया है।
बुधवार को एसपी डी. श्रवण एवं एएसपी प्रज्ञा मेश्राम ने पत्रकारों को बताया कि घटना से एक दिन पहले इंदौर के कुंदन सिंह, अनिल सिंह, समीर सिंह और राणा सिंह क्रेटा कार से शहर के बाहर पेंड्री में पहुंचे। वहां कार को छोडक़र चारों ने एक मोटर साइकिल चोरी की। इसके बाद रेकी करते हुए वह सृष्टि कॉलोनी तक पहुंचे। 15 नवंबर को दिन में ही श्रीमती वर्मा के घर में धावा बोल दिया। गिरोह ने घर में रखे लगभग सवा दो लाख नगद और 18 तोला सोना तथा डेढ़ किलो चांदी समेत अन्य सामानों को पार कर दिया और वापसी में पेंड्री में मोटर साइकिल छोडक़र इंदौर लौट गए।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों में भी सक्रिय रहा है। पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेत्री के घर हुए चोरी के सामानों को लगभग चोरों से जब्त किया गया है। इसके लिए राजनांदगांव पुलिस ने सैकड़ों से पूछताछ की और 650 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। इसी आधार पर पुलिस ने चोरों को धर दबोचा। पत्रकारवार्ता में सीएसपी गौरव राय समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल थे।
राजनांदगांव, 24 नवंबर। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने भाजपा नेता पवन मेश्राम के पिता स्व. केवलदास मेश्राम के निधन पर मंगलवार शाम को बसंतपुर स्थित पैतृक निवास में पहुंचे। श्री सिंह ने शोक संतप्त परिवार को जहां ढांढस बंधाया। वहीं स्व. मेश्राम के निधन पर गहरा अफसोस जाहिर करते सामाजिक क्षेत्र में उनके देहावसान को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। बसंतपुर बौद्ध समाज को उन्होंने एक दिशा प्रदान करने में अहम भूमिका अदा की थी।
इस दौरान शहर मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी, दक्षिण मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह, युवा मोर्चा के शहर मंडल अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव, मोनू गुप्ता, गोलू गुप्ता, हकीम खान, गोलू सूर्यवंशी, बिट्टू जैन समेत शोकाकुल परिवार के भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन मेश्राम, प्रदीप मेश्राम, प्रवीण मेश्राम, मयंक मेश्राम, बंटी मेश्राम समेत अन्य लोग शामिल थे।
17 हजार मतदाता चुनेंगे पार्षद, आदर्श आचार संहिता लागू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। राज्य निर्वाचन आयोग ने राजनांदगांव जिले समेत प्रदेश के नगर निगमों और नगरीय निकायों के रिक्त वार्डों में उपचुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया है। राजनांदगांव जिले के दूसरे बड़े नगरीय निकाय खैरागढ़ नगर पालिका में भी चुनाव की तिथि तय कर दी गई है। इसी के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। राजनीतिक गतिविधियों पर अब राज्य निर्वाचन आयोग स्थानीय प्रशासन के जरिये नजर रखेगा।
राजनीतिक कार्यक्रमों से लेकर अन्य चुनावी संबंधी कार्यों के लिए आयोग की अनुमति बेहद जरूरी होगी। खैरागढ़ में निकाय चुनाव करीब दो साल के विलंब से होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव कराने से इन्कार कर दिया था। इसी के साथ ही खैरागढ़ निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। खैरागढ़ में निकाय चुनाव कराने के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों में सियासी उठापटक शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच ही सीधा मुकाबला होने का आसार है। हालांकि वहां तीसरी पार्टी की मौजूदगी का असर पडऩे की संभावना कम है। पिछले चुनाव में प्रत्यक्ष प्रणाली से अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव किया गया था। इस बार अप्रत्यक्ष प्रणाली होने के कारण अध्यक्ष का चुनाव पार्षद करेंगे। ऐसे में वार्डों में ही घमासान देखने को मिलेगा।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के 20 वार्ड में कुल 17 हजार 94 मतदाता हैं। जिसमें 8 हजार 786 महिला और 8 हजार 308 पुरूष मतदाता हैं। इस संबंध में उप निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संपन्न होंगे।
इधर 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तत्पश्चात 6 दिसंबर को नाम वापसी के लिए भी आखिरी मौका होगा। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान होंगे। मतों की गिनती यानी 23 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
नांदगांव निगम के वार्ड नं. 17 में भी चुनाव
राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में भी पार्षद के खाली पड़े पद के लिए भी चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि तय कर दी है। खैरागढ़ निकाय चुनाव के साथ ही वार्ड नं. 17 में चुनाव होंगे। करीब एक साल पूर्व श्रीमती शोभा सोनी के निधन से यह वार्ड रिक्त हो गया था। कोरोना के कारण यहां भी चुनाव नहीं हुए थे। भाजपा नेत्री शोभा सोनी ने कांग्रेस की रीना पटेल को अच्छे मतों से पराजित किया था। इस वार्ड में कुल 4952 मतदाता हैं। जिसमें जिसमें 2530 महिला और 2422 पुरूष मतदाता हैं। मिली जानकारी के मुताबिक समूचे जिले में खैरागढ़ नगर पालिका और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 को मिलाकर दो ही चुनाव होंगे।
शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल-विक्रांत
खैरागढ़ निकाय चुनाव की रणभेरी बजने के बाद पहली प्रतिक्रिया में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल है। गुजरे 5 साल में कांग्रेस ने निकाय चुनाव में शासन करते कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया। शहर की जनता को याद नहीं है कि तत्कालिन कांग्रेस अध्यक्ष ने विकास कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया हो। उन्होंने कहा कि पूर्व से व्यवस्थित संसाधनों को कांग्रेस के शासन में अव्यस्थित कर दिया गया। विकास के बजाय शहर का विनाश ही किया गया है।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के गढ़ खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत तय-नवाज
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने दावा करते कहा कि भाजपा सरकार में खैरागढ़ एक भ्रष्टाचार का गढ़ रहा। जिसके चलते शहर का विकास थम गया था। पूर्व में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस जरूर सत्तासीन हुई, लेकिन उसका तीन साल का कार्यकाल राज्य में भाजपा के वजह से प्रभावित हुआ। श्री खान ने कहा कि खैरागढ़ के फतेह मैदान में घास लगाने के नाम पर 40 लाख रुपए फूंके गए। जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता बेहद समझदार और विकास पसंद सोंच रखती है। लिहाजा कांग्रेस सरकार के साथ मुख्यधारा में जुडक़र सर्वाधिक संख्या में पार्षदों का निर्वाचन करेगी। जिससे अध्यक्ष कांग्रेस का चुना जाना तय है। श्री खान ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खैरागढ़ को लगातार आर्थिक मदद दी जा रही है। भाजपा कांग्रेस के सामने चुनावी मुकाबले में टिकने की स्थिति में नहीं है।
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 24 नवंबर। बाइक पर सवार खेरधा से कुम्हारी लौट रहे दो युवक 22 नवंबर की रात लूट का शिकार हो गए। बाइक पर सवार तीन अज्ञात आरोपी इनसे मोबाइल, नगदी और बाइक लूट फरार हो गए। लूट के शिकार दोनों युवक देर रात पैदल खेरधा लौटे और अगले दिन घटना की रिपोर्ट जामुल थाना में दर्ज करवायी है।
पुलिस ने बताया कि महामाया पारा कुम्हारी निवासी 20 वर्षीय दुष्यंत धृतलहरे अपने मित्र दशरथ यादव के साथ 22 नवंबर की शाम बाइक क्रमांक सीजी 07 बीपी 4709 से चाचा नरेन्द्र धृतलहरे के घर ग्राम खेरधा पहुँचा। दोनों खाना खाकर वहां से कुम्हारी अपने घर के लिए रात्रि 11 बजे वापस निकले।
जामुल एमपीईबी चौक के पास नाला किनारे मोटर सायकल सवार तीन लड़के आये और इनको घेर कर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों का मोबाइल, 2 हजार रूपये छीन लिए। इनकी मोटर सायकल भी लेकर भाग गये। दोनों पैदल घटनास्थल से पैदल चाचा के घर गए और 23 नवंबर को घटना की रिपोर्ट दर्ज करवायी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 24 नवंबर। घरों में सेंध लगा चोरी करने वाले युवक को जब पुलिस पकडऩे गई तो उसके घर एक नाबालिग लड़की भी मिली। लड़की को आरोपी एक महीने पहले भगाकर लाया था और किराए का मकान लेकर उसके साथ रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी का सामान भी जब्त कर लिया है और लड़की के परिजनों को बुला उसे उनके हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी, अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
नेवई टीआई भारती मरकाम ने बताया कि बीएसपी कर्मी कमलेश ढीमर ने जुलाई में अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात मरोदा निवासी चंदर उर्फ विक्की (21 वर्ष) ने की है। चार महीने तक खोजबीन के बाद पुलिस को पता चला कि विक्की पोटिया कला के एक किराए के मकान में रहता है। कल जब पुलिस ने छापेमारी कर विक्की को गिरफ्तार किया तो उसके घर से एक नाबालिग लड़की भी मिली।
विक्की ने बताया कि वह उसे भगाकर अपने साथ लाया है। लगभग डेढ़ महीने पहले अक्टूबर में 14 साल की लड़की को अपने साथ लाया था। उसके बाद उसने पोटिया कला में किराए का मकान लिया और लड़की के साथ वहीं रह रहा है।