कारोबार
रायपुर/बेंगलुरु, 14 अक्टूबर। एआईडीए 2025 के आयोजक ने बताया कि भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य को समर्पित संस्था एआईडीए द्वारा कर्नाटक संगीत के प्रसिद्ध गायक श्री नंदकुमार उन्नीकृष्णन (बेंगलुरु) को उनके कर्नाटक संगीत तथा नृत्य संगीत में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित सम्मान संगीत कलाश्रीनिधि से सम्मानित किया जाएगा। श्री नंदकुमार उन्नीकृष्णन वर्षों से अपने सुरों के माध्यम से न केवल कर्नाटक संगीत परंपरा का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, बल्कि अनेक प्रमुख शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों को अपनी संगीत रचनाओं से समृद्ध भी कर रहे हैं।
आयोजक ने बताया कि उनके द्वारा दिया गया यह योगदान कलाजगत और नृत्य समुदाय दोनों के लिए अमूल्य है। एआडीए का उद्देश्य भारतीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। इसी कड़ी में संस्था देशभर के विशिष्ट कलाकारों को ऐसे सम्मानों से सम्मानित कर उनकी साधना और समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देती है।
आयोजक ने बताया कि श्री नंदकुमार उन्नीकृष्णन जैसे महान कलाकारों को सम्मानित करना हमारे लिए गौरव की बात है। उनकी प्रस्तुतियाँ आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह सम्मान समारोह शीघ्र ही आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के संगीत एवं नृत्य क्षेत्र के वरिष्ठ कलाकार उपस्थित रहेंगे।


