कारोबार

छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का आयोजन, किसान चेतना के अद्वितीय लेखक थे प्रेमचंद-ईश्वर सिंह
08-Aug-2021 1:30 PM
छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का आयोजन, किसान चेतना के अद्वितीय लेखक थे प्रेमचंद-ईश्वर सिंह

रायपुर, 8 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा किसान चेतना ओर प्रेमचंदÓ विषय पर आयोजित व्याख्यान समारोह में मुख्य अतिथि व प्रमुख वक्ता ईश्वर सिंह दोस्त, भोपाल ने बताया कि प्रेमचंद किसान समस्याओं के नहीं, बल्कि किसान चेतना के अद्वितीय लेखक थे। वे सारी दुनिया को किसान की आँख से देखते थे। ऐसी किसान दृष्टि अपने सारे ऐतिहासिक बोध के साथ फिर कभी सामने नहीं आई। औपनिवेशिक व पूँजीवादी संबंधों के जाल में घिरे किसान की दशा और भविष्य को वे एक किसान की ही नजर से देख सकें।

श्री दोस्त ने बताया कि युवा लेखक व विचारक दोस्त ने कहा कि किसान चेतना को हिंदी व उर्दू में पहली बार सामने लाने वाला प्रेमचंद का प्रेमाश्रम 1920 में लिखा गया था व 1922 में छपा था। आज सौ साल बाद 2020 भी प्रेमाश्रम का साल लगता है। तब भारत के किसानों पर संकट इसलिए आया था कि अंतर्राष्ट्रीय साम्राज्यवादी- पूँजीवादी बाजारों की जरूरत के लिए अंग्रेजों ने भारत के कृषि संबंधों को बदल दिया था। आज यही काम तीन किसान विधेयकों के जरिए मोदी सरकार ने शुरू किया है। 

श्री दोस्त ने बताया कि 1920 के दशक में भी किसान आंदोलन सिर्फ किसानों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की आजादी के लिए था। आज भी किसान आंदोलन भारत की आजादी व उस प्रक्रिया से निकले लोकतंत्र को बचाने के लिए है। आज भी किसान सिर्फ अपने लिए नहीं लड़ रहा है बल्कि वह देश के बेरोजगारों के लिए, देश के लोकतंत्र के लिए, देश के संविधान के लिए और देश के मेहनतकशों के लिए लड़ रहा है। अगर 1920 का दशक चंपारण सत्याग्रह, अवध आंदोलन, बारदोली आंदोलन का था तो 2020 का दशक भी किसान आंदोलन का है।

श्री दोस्त ने बताया कि पश्चिम में उपन्यास विधा मध्यवर्ग की आत्मचेतना की अभिव्यक्ति थी, मगर हिंदी में उपन्यास का विकास किसान चेतना की अभिव्यक्ति के विकास के साथ जुड़ा हुआ है। उस दौर में अगर गांधी ग्रामीण भारत की राजनीतिक अभिव्यक्ति थे तो प्रेमचंद सांस्कृतिक अभिव्यक्ति। आज भी किसान चेतना को समझने के लिए प्रेमचंद को पढऩा जरूरी है। 

इसके पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के प्रबंध मंत्री राजेंद्र चांडक ने सम्मेलन की गतिविधियों का एक परिचय दिया। सम्मेलन के महामंत्री डॉ. राकेश तिवारी ने विषय प्रवर्तन किया और कार्यक्रम का संचालन भी किया।  शिव शर्मा, संपादक, पत्रिका, मदनमोहन खंडेलवाल, संतोष झांझी, राहुल सिंह, असीम चन्देल, डॉ. के.बी. बंसोड़, मोईज कपासी, पथिक तारक, रमेश सोनी, जी.आर. नायक, मिन्हास असद, डॉ. बिप्लव बंदोपाध्याय, संजय शाम, आलोक वर्मा, नंद कंसारी, अरूण काठोठे, बंधु राजेश्वर खरे सहित अन्य साहित्यकार, कलाकार व संस्कृतिकर्मी मौजूद थे। अशोक शर्मा, महासमुंद ने आभार व्यक्त किया। 


अन्य पोस्ट