बिलासपुर
करगीरोड (कोटा), 27 अगस्त। ईद-मिलादुन्नबी पर अंजुमन इस्लामिया मस्जिद कमेटी के नेतृत्व में कोटा में जुलूस निकाला गया।
जुलूस सुबह 10 बजे मस्जिदपारा स्थित मस्जिद परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग तथा जय स्तंभ नाका चौक होते हुए मौहारखार पहुंचा। इसके उपरांत जुलूस वापस जय स्तंभ नाका चौक होकर मस्जिद परिसर में समाप्त हुआ। जोहर की नमाज के पश्चात सलातो-सलाम और फातिहा-खानी की रस्म पूरी की गई, जिसके बाद सामाजिक लंगर का आयोजन किया गया। इससे पूर्व, 25 अगस्त की शाम हुसैनी यंग कमेटी द्वारा एक बाइक रैली का भी आयोजन किया गया था। जुलूस के दौरान स्थानीय चित्रकार राम पेंटर के सहयोग से निर्मित ‘गुंबद-ए-खिजरा’ की झांकी प्रदर्शित की गई, जिसे राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) और धार्मिक झंडों से सजाया गया था।
जुलूस के वापसी मार्ग में अग्रवाल समाज एवं बोल बम कांवडिय़ा समिति के प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल व संजू गुप्ता द्वारा अग्रसेन भवन परिसर में प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस पर अंजुमन कमेटी ने आभार व्यक्त किया।
जुलूस के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु कोटा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस बल और महिला आरक्षक तैनात रहे। कार्यक्रम समापन पर समिति द्वारा पुलिस प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में मस्जिद-ए-ताहा के पेश इमाम गुलजार, जौनपुर से आए हाफिज मोहम्मद जुबेर अशरफी, बिलासपुर से पहुंचे नात ख्वां मकबूल रजा नूरी, अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी तथा कोटा नगर व ग्रामीण क्षेत्रों से मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।