बिलासपुर

जलाशय में नहाने उतरे युवक की डूबने से मौत
14-Jul-2026 2:47 PM
 जलाशय में नहाने उतरे युवक की डूबने से मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 14 जुलाई। बिलासपुर जिले के औरापानी जलाशय में पिकनिक मनाने गए एक युवक की सोमवार सुबह डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलने पर कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 1 बजे युवक का शव जलाशय से बरामद किया गया।

मृतक न्यू सरकंडा, गली नंबर-4 निवासी 32 वर्षीय ऋषभ देव, पिता ओमप्रकाश है। वह अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल (दीनदयाल कॉलोनी, मंगला), राकेश साहू (बृहस्पति बाजार), दीपक जायसवाल (गांधी चौक, मधुबन), कुशल, डीपूपारा, तारबाहर) और बिट्टू अली (धुरीपारा, मंगला) के साथ सुबह पिकनिक मनाने औरापानी जलाशय पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। वह खुद को संभाल नहीं सका और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में पानी के भीतर ओझल हो गया।

घटना की सूचना तत्काल कोटा पुलिस को दी गई। पुलिस टीम के साथ एसडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे और जलाशय में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार करीब छह घंटे तक चले अभियान के बाद दोपहर लगभग 1 बजे ऋषभ का शव पानी से बाहर निकाला गया।


अन्य पोस्ट