बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 4 जून। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए जीत का परचम लहरा दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर वार्ड में पार्टी की चार दशक पुरानी जीत की परंपरा को बरकरार रखा।
गुरुवार सुबह बर्जेस हिंदी मीडियम स्कूल में मतगणना शुरू हुई। सुबह 9 बजे शुरू हुई गिनती महज एक घंटे के भीतर पूरी हो गई और परिणाम घोषित कर दिए गए। दो टेबलों पर चार चरणों में मतों की गिनती हुई।
यह मुकाबला मुख्य रूप से कांग्रेस के शेख आजम और भाजपा के मधुसूदन राव के बीच था। दिलचस्प बात यह रही कि मधुसूदन राव को पहले शेख आजम के पिता शेख असलम ने चुनाव में हराया था और अब उपचुनाव में शेख असलम के बेटे शेख आजम ने उन्हें शिकस्त दी है। इसके साथ ही मधुसूदन राव को लगातार तीसरी चुनावी हार का सामना करना पड़ा।
एक जून को हुए मतदान में वार्ड के 5,255 मतदाताओं में से 3,665 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इनमें 1,826 पुरुष और 1,838 महिला मतदाता शामिल रहे। कुल मतदान प्रतिशत 69.74 दर्ज किया गया।
आमतौर पर उपचुनावों में सत्ताधारी दल को बढ़त मिलती है, लेकिन वार्ड 29 में यह परंपरा नहीं दोहराई जा सकी। मुस्लिम, ईसाई तथा अनुसूचित जाति-जनजाति मतदाताओं की अच्छी संख्या वाले इस वार्ड को लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। हालांकि समीकरण बदलने के कोशिश में भाजपा ने धुआंधार प्रचार अभियान चलाया था।
स्वर्गीय शेख गफ्फार के समय से इस क्षेत्र में कांग्रेस का प्रभाव बना हुआ है। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे। बाद में सामान्य चुनाव में भी शेख असलम पार्षद चुने गए। उनका भी निधन हो जाने के बाद यह सीट रिक्त हुई और दोबारा उपचुनाव कराया गया।
इस बार शेख असलम के पुत्र शेख आजम ने जीत दर्ज कर परिवार और कांग्रेस दोनों की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया।


