बिलासपुर

किशोर के किडनैप की आशंका, तलाश हो रही
09-May-2026 2:25 PM
किशोर के किडनैप की आशंका, तलाश हो रही

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 9 मई। कोटा थाना क्षेत्र के उदंगी गांव से 14 वर्षीय किशोर के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर बच्चे को अपने साथ ले गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में किशोर के पिता ने बताया कि वह घर में ही किराना दुकान संचालित करते हैं। 3 मई की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर के हॉल में सो गए थे। उनका बड़ा बेटा अभिषेक कुमार (14 वर्ष 10 माह) भी उनके पास ही सो रहा था।

सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के लोग जागे तो अभिषेक बिस्तर पर नहीं था। पहले तो परिजनों ने सोचा कि वह आसपास कहीं गया होगा, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की।

लगातार तीन दिनों तक खोजबीन के बावजूद जब किशोर का कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजन थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पिता का कहना है कि उनका बेटा बिना बताए घर छोड़कर जाने वाला नहीं है। उन्हें शक है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी किशोर की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट