बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 9 मई। मां के निधन के गम से जूझ रहे एक युवक की शुक्रवार को मौत हो गई। दशगात्र कार्यक्रम के बाद तालाब में नहाने गए युवक की डूबने से जान चली गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित नइया तालाब की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर वार्ड-8 स्थित भेड़ीमुड़ा निवासी कृष्णकुमार धीवर (30) की मां का 10 दिन पहले निधन हो गया था। शुक्रवार को उनका दशगात्र कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें परिवार और रिश्तेदार शामिल हुए थे।
दशगात्र की रस्म पूरी होने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पास स्थित नइया तालाब नहाने पहुंचे। इसी दौरान कृष्णकुमार भी तालाब में उतरा। कुछ देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तब परिजनों को चिंता हुई। पहले उन्होंने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला।
स्थिति गंभीर होने पर घटना की सूचना तुरंत रतनपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में जाल डलवाया गया। लंबे समय तक चले तलाश अभियान के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।


