बिलासपुर
पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई व दुर्व्यवहार का आरोप
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 21 मार्च। सीपत के एक शराब दुकान के चखना सेंटर में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां फौजी के भतीजे की पिटाई के बाद उसे बचाने पहुंचे सेना के जवान पर ही लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल जवान को सिम्स चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
नरगोड़ा निवासी विनोद लोनिया भारतीय सेना में नायक पद पर आगरा में पदस्थ हैं। वे इन दिनों छुट्टी में घर आए हैं। बुधवार को सीपत में उन्होंने देखा कि चखना सेंटर के कर्मचारी उनके भतीजे भरतलाल लोनिया को पीट रहे हैं। वे अपने दोस्त कमल मिश्रा के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने नायक विनोद और उनके साथी पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में पुलिस ने चखना सेंटर संचालक अरविंद सिंह और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर नायक विनोद और उनके साथियों पर भी एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस दोनों पक्षों की जांच कर रही है।
घायल नायक का आरोप है कि पुलिस ने पहले उनकी शिकायत नहीं सुनी, टीआई ने गाली-गलौच की और मेडिकल भी नहीं कराया। साथ ही, संचालक की ओर से अब समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है।


