बिलासपुर

शराब पार्टी में गाली-गलौज, दो भाइयों ने दोस्त को पीट-पीटकर मार डाला
18-Mar-2026 1:01 PM
शराब पार्टी में गाली-गलौज, दो भाइयों ने दोस्त को पीट-पीटकर मार डाला

भागने की फिराक में थे आरोपी, बीट पुलिस की सतर्कता से रात में घेराबंदी कर गिरफ्तारी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 18 मार्च। सकरी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद दो भाइयों ने अपने ही दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

14 मार्च 2026 को कृष्णा कौशिक ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मर्ग और अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना के दिन सतीश कौशिक, राकेश उर्फ छोटू कौशिक और गणेश कौशिक तीनों साथ में सकरी शराब दुकान गए थे। वहां शराब पीने के बाद वे खाने-पीने का सामान लेकर संबलपुर के खेत में पीपल पेड़ के पास बैठ गए।

इसी दौरान नशे में सतीश कौशिक ने गणेश कौशिक और उसके परिवार को गालियां देना शुरू कर दिया। कई बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो दोनों भाइयों ने मिलकर उसे मुक्कों से बुरी तरह पीटा।

मारपीट के दौरान सतीश पीपल पेड़ की जड़ के पास गिर पड़ा, जिससे उसके सिर और चेहरे में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और पहले मरही माता भनवारटंक क्षेत्र गए, फिर मेन्द्रा में अपने रिश्तेदार के घर छिपकर बाहर भागने की योजना बना रहे थे।

16 मार्च को बीट आरक्षकों को सूचना मिली कि आरोपी मेन्द्रा क्षेत्र में छिपे हैं। इसके बाद सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


अन्य पोस्ट