बिलासपुर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 13 दिसंबर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित अरपा विहार कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक प्रौढ़ व्यक्ति की खून से सनी लाश मिली। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक शंभू साहू (45) के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शंभू शराब का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। उसकी इसी आदत से परेशान होकर पत्नी एक सप्ताह पहले मायके चली गई थी। गुरुवार को शंभू ने अपने बड़े बेटे से दो बार शराब पीने के लिए रुपये मांगे और दोनों बार शराब पीकर घर लौटा।
परिजनों के अनुसार, नशे की हालत में वह अपना सिर पत्थर पर पटक रहा था, जिसे किसी तरह रोका गया। रात में सभी सो गए। सुबह जब दरवाजा खोला गया तो शंभू कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में यह पुष्टि हुई कि वह दोनों बार शराब लेने गया था। पुलिस ने उसके छह बच्चों के बयान दर्ज किए हैं।
पड़ोसियों का कहना है कि शंभू की शराब की लत के कारण घर में अक्सर झगड़े होते थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


