बिलासपुर

पुलिस पेट्रोल पंप में कर्मचारी युवती पर एनएच में चाकू से हमला
13-Dec-2025 1:13 PM
पुलिस पेट्रोल पंप में कर्मचारी युवती पर एनएच में चाकू से हमला

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 13 दिसंबर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवती पर दो अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। तेज रफ्तार बाइक पर सवार युवकों ने रास्ते में स्कूटी रोकने की कोशिश की और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए। घायल युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

सरकंडा के कपिल नगर निवासी अनामिका तिवारी (24) पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में नोजल आपरेटर हैं। वह बुधवार दोपहर स्कूटी से नांदघाट जा रही थीं। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बिलासपुर से निकलने के बाद जब वह लगभग साढ़े एक बजे चकरभाठा क्षेत्र के ओयो होटल, हिर्री माइंस के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक आए।

युवती के मुताबिक, दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए स्कूटी रोकने के लिए चिल्लाना शुरू किया। डर के कारण अनामिका ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने चाकू से अचानक हमला कर दिया। हमले में युवती की जांघ, बाएं हाथ और सिर के पीछे गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।

युवती की चीख-पुकार और आसपास लोगों की हलचल देखकर आरोपी पेण्ड्रीडीह चौक की ओर भाग निकले। किसी तरह खुद को संभालते हुए अनामिका ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट