बिलासपुर

कोटा कोरी बांध के जंगलों में सागौन पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत
08-Dec-2025 3:15 PM
कोटा कोरी बांध के जंगलों में सागौन पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

करगीरोड (कोटा), 8 दिसंबर। कोटा कोरी बांध के जंगलों में सागौन पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी अशोक साहू ने वन विभाग को दी शिकायत में कहा है कि एक  दिसंबर को सुबह टहलने के दौरान उन्होंने कोरी बांध क्षेत्र में कई सागौन पेड़ों को कटा हुआ देखा।

 

शिकायत के अनुसार, पेड़ों को बैटरी से चलने वाली आरा मशीन से काटा गया था। अशोक साहू ने यह जानकारी बीट गार्ड को दी। उन्होंने बताया कि सूचना के लगभग एक घंटे बाद विभाग के 5-6 कर्मचारी वहाँ पहुँचे और कटे हुए लकड़ी के टुकड़ों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में डिपो भेज दिया। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि घटनास्थल पर मौजूद पेड़ों के ठूंठ को काटकर जलाया गया। उनके अनुसार, इससे अवैध कटाई से जुड़े साक्ष्यों को नुकसान पहुँचा। अशोक साहू ने इस संबंध में बिलासपुर वन मंडलाधिकारी और मुख्य वन संरक्षक को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने माँग की है कि कटाई में शामिल व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। वन विभाग की ओर से इस घटना पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।


अन्य पोस्ट