बिलासपुर

चार कबाड़ी दुकानों पर चला बुलडोजर, दो सील, 12 से कबाड़ जब्त
17-Oct-2025 3:12 PM
चार कबाड़ी दुकानों पर चला बुलडोजर, दो सील, 12 से कबाड़ जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 अक्टूबर। शहर में अवैध रूप से संचालित कबाड़ कारोबार पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार सुबह सरकंडा क्षेत्र में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कई कबाड़ी दुकानों को ध्वस्त किया।

जोन क्रमांक 7 क्षेत्र के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में 18 में से 4 कबाड़ दुकानों को तोड़ा गया, 2 को सील किया गया, जबकि 12 दुकानों से कबाड़ और अन्य सामान जब्त कर सील कर दिया गया। निगम की इस सख्त कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह-सुबह निगम और पुलिस के अधिकारी भारी संख्या में कर्मचारियों, आठ डंपर, दस बुलडोज़र और अन्य संसाधनों के साथ सरकंडा पहुंचे। निगम कमिश्नर के निर्देश पर अलग-अलग क्षेत्रों के लिए टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने मोपका, चांटीडीह, बिजौर, अशोक नगर, रपटा और बहतराई जैसे इलाकों में एक साथ अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान संतोष रजक, संदीप मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, ताज कबाड़ी, भागवत साहू, सुभाष साहू, भुवन तिवारी, सुनील साहू, लल्ला खरपाली, शिव कबाड़ी, राज साहू और हेमंत साहू की कबाड़ दुकानों पर बुलडोजर चला या उन्हें सील किया गया। बताया गया कि इन सभी को पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन अनुमति या सुधार न किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध रूप से चल रहे कबाड़ कारोबार, अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट