बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 अक्टूबर। आगामी सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में शनिवार को बैठक ली। बैठक में बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, मुंगेली जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडे सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि महोत्सव के लिए अब तक एक लाख से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया है। प्रतियोगिताएं तीन चरणों में होंगी। ग्राम स्तर और जनपद स्तर पर नवंबर में और संसदीय क्षेत्र स्तर पर बहतराई स्टेडियम बिलासपुर में दिसंबर महीने में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। संसदीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विकासखंडों और नगरीय निकायों के चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे। महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रस्साकसी, रिले रेस, तीरंदाजी, बोरा दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताएं होंगी।
तोखन साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए एक उत्सव की तरह है और इसमें सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आयोजन से जोड़ा जाए। खेलों के प्रचार के लिए फ्लेक्स, बैनर और सोशल मीडिया माध्यमों का उपयोग करने पर जोर दिया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सभी तैयारियां समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 56 में से 48 कार्यों को लगभग 3 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति दी जा चुकी है।
साहू ने निर्देश दिया कि शेष कार्यों का प्राक्कलन तैयार कर जल्द स्वीकृति के लिए भेजा जाए और अधूरे कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।


