बिलासपुर

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जस्टिस चंद्रवंशी ने किया माल्यार्पण
03-Oct-2025 4:13 PM
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जस्टिस चंद्रवंशी ने किया माल्यार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी ने मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के मार्गदर्शन में परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

उल्लेखनीय है कि 2 अक्टूबर 2023 को गांधी जयंती के अवसर पर मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने उच्च न्यायालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया था। तब से प्रत्येक वर्ष उनके मार्गदर्शन में गांधी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर गांधीजी के आदर्शों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति और अधिकारीगणों ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा समर्थित संवैधानिक सिद्धांत आज भी न्याय व्यवस्था की आधारशिला हैं। न्यायालय करुणा, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा का प्रतीक है और गांधीजी की प्रतिमा यह संदेश देती है कि न्याय हमेशा इन मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।

इस अवसर पर उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, रजिस्ट्रार जनरल, न्यायिक अकादमी और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, साथ ही उच्च न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट