बिलासपुर

पुलिस ग्राउंड में भव्य आतिशबाजी और राम झांकी ने मोह लिया मन
03-Oct-2025 4:04 PM
पुलिस ग्राउंड में भव्य आतिशबाजी और राम झांकी ने मोह लिया मन

प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया विधायक अमर ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 3 अक्टूबर। नगर पालिक निगम द्वारा पुलिस ग्राउंड में आयोजित सार्वजनिक दशहरा महोत्सव में बुधवार शाम हजारों लोगों की मौजूदगी में 70 फीट ऊँचे रावण का दहन किया गया। इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक अमर अग्रवाल ने पूजा-अर्चना कर रावण का दहन किया। आतिशबाजी के रंग-बिरंगे नज़ारे ने पूरे मैदान को सतरंगी रोशनी से भर दिया।

विधायक अमर अग्रवाल ने दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे जीवन के आदर्श हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम समाज और राष्ट्र का कल्याण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम सबने अपने जीवनकाल में प्रभु श्रीराम का पुन: अयोध्या आगमन देखा है। विधायक ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें।

परंपरा के अनुसार दोपहर तीन बजे तिलक नगर स्थित श्रीराम मंदिर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की भव्य झांकी निकाली गई। यह झांकी शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई पुलिस ग्राउंड पहुंची। ग्राउंड में हुए रावण दहन और आतिशबाजी का नज़ारा देखने लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।


अन्य पोस्ट