बिलासपुर

पंडित दीनदयाल जयंती परसाव का आह्वान – आत्मनिर्भर भारत के लिए हर घर स्वदेशी अपनाए
26-Sep-2025 7:54 PM
पंडित दीनदयाल जयंती परसाव का आह्वान – आत्मनिर्भर भारत के लिए हर घर स्वदेशी अपनाए

बिलासपुर, 26 सितंबर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद  और अंत्योदय  का सिद्धांत ही हमारी विचारधारा है, जिस पर सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंडित उपाध्याय ने गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों की चिंता को राजनीति का केंद्र बनाया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन्हीं विचारों पर आधारित योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य भी इसी आत्मनिर्भरता और एकात्मवाद पर आधारित है।

वे गुरुवार को प्रार्थना सभा भवन में आयोजित संगोष्ठी और आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर रजक समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद रजक ने कहा कि उपाध्याय का दर्शन समाज के कमजोर वर्गों और महिलाओं की चिंता करता है। पूर्व राज्य महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पांडे ने कहा कि “हर घर स्वदेशी अपनाना” आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम होगा। वक्ताओं ने उपाध्याय जी के आदर्शों को अपनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाकर ही समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में जनजातीय मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष जय जी, गायत्री मरकाम, जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, जिला महामंत्री जनक देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट