बिलासपुर
बिलासपुर, 26 सितंबर। दुर्गा पूजा और दीपावली से पहले कोल इंडिया के 2.20 लाख कर्मचारियों को, जिनमें एसईसीएल कर्मचारी भी शामिल हैं, बड़ी सौगात मिली है। प्रबंधन और श्रमिक यूनियनों के बीच लंबी बातचीत के बाद बोनस (परफॉरमेंस लिंक्ड रिवॉर्ड) की राशि तय हो गई है। इस साल कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये का बोनस मिलेगा, जो आज ही उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।
पिछले साल की तुलना में यह बोनस ज्यादा है। वर्ष 2024 में कर्मचारियों को ₹93,750 का बोनस दिया गया था। इस बार की बढ़ोतरी से त्योहारों के मौसम में कोयला कर्मियों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता के एक होटल में गुरुवार शाम 4:30 बजे मानकीकरण समिति की बैठक हुई। शुरुआत में प्रबंधन 98,500 रुपये देने को तैयार था, जबकि श्रमिक यूनियनें 1.25 लाख रुपये की मांग पर अड़ी रहीं। कई दौर की चर्चा के बाद 1.03 लाख रुपये पर सहमति बनी।
कोल इंडिया ने बताया कि बोनस की कुल राशि लगभग 2100 करोड़ रुपये है, जो शनिवार तक सभी कर्मचारियों के खातों में भेज दी जाएगी।


