बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 सितंबर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने शनिवार को जांजगीर-नैला और चांपा नगर पालिकाओं में 19 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जांजगीर-नैला नगर पालिका भवन और विकास कार्यों के लिए ढाई-ढाई करोड़ तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
जिला मुख्यालय जांजगीर में उप मुख्यमंत्री साव ने 4.37 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन), 10.84 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य और 1.97 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1 व 2 में पाइपलाइन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण का भूमिपूजन किया। साथ ही 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर और 20 लाख रुपए की लागत से बनी चौपाटी को जनता को समर्पित किया।
चांपा नगर पालिका क्षेत्र में उन्होंने 1.08 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें 48.56 लाख रुपए की लागत से घोघरानाला में पानी टंकी निर्माण, 29.98 लाख रुपए की लागत से कर्मचारियों के आवास का शिलान्यास और 30 लाख रुपए से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह भी मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्यों को मंजूरी दी जा रही है और जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने नालंदा परिसर को विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि यह उनके भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम बनेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अटल परिसर, पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और विकास दृष्टि को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेंगे।
इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी संबोधन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।


