बिलासपुर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 28 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के बिल्हा कस्बे की महिलाओं द्वारा किए गए वेस्ट मैनेजमेंट के काम की सराहना पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान की बात बताया।
तोखन साहू ने रविवार को राजस्थान के सीकर जिले में भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के बाद अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिल्हा की महिलाओं के कार्यों की सराहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने न सिर्फ स्वच्छता में योगदान दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि महिलाएं सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी बन सकती हैं।
साहू ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं ने कचरा प्रबंधन में अपनी भागीदारी से न केवल खुद को सशक्त किया, बल्कि पूरे शहर की तस्वीर बदल दी। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में बिल्हा को जो देशभर में पहला स्थान मिला है, वह स्थानीय मेहनत और सामूहिक भागीदारी का परिणाम है।
तोखन साहू ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘ज्ञान भारतम मिशन’ देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक जरूरी पहल है, और इस अभियान में मंत्रालय का पूरा सहयोग रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री के संबोधन को सकारात्मक बताते हुए बिल्हा की महिलाओं को बधाई दी।