बिलासपुर

फर्जी दस्तावेजों से प्रधान आरक्षक की पैतृक संपत्ति हड़प ली, 4 के खिलाफ एफआईआर
07-Jul-2025 2:22 PM
फर्जी दस्तावेजों से प्रधान आरक्षक की पैतृक संपत्ति हड़प ली, 4 के खिलाफ एफआईआर

बिलासपुर, 7 जुलाई। सरकंडा इलाके में एक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां प्रधान आरक्षक की पैतृक जमीन को फर्जी दस्तावेज बनाकर किसी और के नाम रजिस्ट्री कर दिया गया। इस मामले में सरकंडा पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सिम्स पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रकाश दुबे ने सरकंडा थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता भैयालाल दुबे की जमीन ग्राम खमतराई में स्थित है, जो राजस्व रिकॉर्ड में उन्हीं के नाम पर दर्ज है। यह जमीन हल्का नंबर 25 के खसरा नंबर 672 में 56 डिसमिल की है।

 

शिकायत के अनुसार, अनुज कुमार मिश्रा (निवासी लिंगियाडीह), राहुल पटवा (राजीव नगर), और अभिषेक दुबे (महर्षि स्कूल रोड मंगला) ने मिलकर एक साजिश रची। इन्होंने एक फर्जी भैयालाल सूर्यवंशी (पिता का नाम शिवचरण) नाम के व्यक्ति को जमीन का मालिक दिखाकर राजस्व रिकॉर्ड में उसका नाम दर्ज करा दिया।
इसके बाद 4 फरवरी 2025 को इसी फर्जी व्यक्ति को विक्रेता बनाकर जमीन की रजिस्ट्री अनुज मिश्रा के नाम करवा दी गई।
पुलिस ने जांच के बाद अनुज मिश्रा, राहुल पटवा, अभिषेक दुबे और 75 वर्षीय भैयालाल सूर्यवंशी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट