बिलासपुर

फिट इंडिया साइकिल रैली का भव्य आयोजन : फिटनेस और देशभक्ति का संदेश लेकर निकले 300 से अधिक प्रतिभागी
03-Jun-2025 12:54 PM
फिट इंडिया साइकिल रैली का भव्य आयोजन : फिटनेस और देशभक्ति का संदेश लेकर निकले 300 से अधिक प्रतिभागी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 3 जून। केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए 'फिट इंडिया साइकिल रैली' अभियान के अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी और डीएवी स्कूल के प्राचार्य के. पार्थिपन ने किया।

रैली की शुरुआत डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति धुन से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह के दिलों में जोश और उत्साह भर दिया। इसके बाद 'फिट इंडिया' अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि अनिल तिवारी द्वारा सभी को फिटनेस की शपथ दिलाई गई।

इस रैली में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, पुलिसकर्मी और एसईसीएल के अधिकारी शामिल रहे। रैली डीएवी स्कूल परिसर से शुरू होकर वसंत विहार परिसर और सिपट रोड होते हुए पुनः स्कूल परिसर में संपन्न हुई।

प्राचार्य के. पार्थिपन ने अपने संदेश में कहा कि फिटनेस जीवन का अनिवार्य हिस्सा है और साइकिल चलाना न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद करता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस सरकारी अभियान को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

प्राचार्य ने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 27 राज्यों के लगभग 920 डीएवी स्कूलों के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने यह भी बताया कि डीएवी दिल्ली प्रबंधन समिति हर साल खेलों का आयोजन करती है, जिसमें लाखों विद्यार्थी भाग लेते हैं।

डीएवी स्कूलों ने अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को देश को देने का गौरव प्राप्त किया है, जिनमें नीरज चोपड़ा, मनु भाकर, महेंद्र सिंह धोनी, कपिल देव और युवराज सिंह जैसे नाम शामिल हैं।

डीएवी समिति समय-समय पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करती है, छात्रवृत्तियां प्रदान करती है और उनका मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही, एसईसीएल प्रबंधन समिति भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देती है।

डीएवी स्कूल के प्राचार्य के. पार्थिपन स्वयं फिटनेस के प्रतीक हैं। खेलकूद और साइक्लिंग उनके जीवन का हिस्सा हैं।


अन्य पोस्ट