बिलासपुर

अहिल्याबाई होलकर की याद में समाज सेविकाओं का सम्मान
01-Jun-2025 9:05 PM
अहिल्याबाई होलकर की याद में  समाज सेविकाओं का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 1 जून। मराठा साम्राज्य की महान शासिका अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा विभिन्न स्थानों पर रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में एक गोष्ठी एवं समाजसेवा में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा अहिल्याबाई की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा राष्ट्रमाता अहिल्याबाई के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। दस दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के समापन अवसर पर आयोजित इस गोष्ठी में उनके जीवन पर चर्चा की गई और समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि भारतीय इतिहास में अनेक ऐसी विभूतियां हुई हैं, जिनके कुशल शासन के कारण समाज में बड़े बदलाव आए, लेकिन आज़ाद भारत में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया, जिससे सांस्कृतिक चेतना क्षीण हुई है, परंतु अब पुन: इतिहास करवट ले रहा है।

महापौर पूजा विधानी ने अहिल्याबाई को विलक्षण प्रतिभा व साहस की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि जिस समय भारत की सांस्कृतिक विरासत पर आक्रमण हो रहा था, उस समय उन्होंने देश के प्रमुख तीर्थों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों का पुनर्निर्माण कर समाज को नई दिशा दी।

विधायक धर्मजीत सिंह ने उन्हें नारीशक्ति और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली दुर्गा यादव, अन्नपूर्णा शुक्ला, तिरिथ कुंवर निर्मलकार, जमुना कौशिक, सुखिन ठाकुर, कीर्तिका ठाकुर, अंकिता पाण्डे, अरुणिमा मिश्रा, सुकवारा बाई कश्यप, संध्या चंद्रसेन, सावित्री देवी दर्वे, जयश्री कौशिक सहित अन्य महिलाओं को पुष्पगुच्छ, साल और स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 इस कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, दीपक सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक कृष्णकुमार कौशिक ने किया।


अन्य पोस्ट