बिलासपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 मई। गर्मी से राहत पाने के लिए चलाए गए कूलर में फैले करंट ने गुरुवार सुबह ग्राम बरतोरी में दो मासूमों की जान ले ली। करंट की चपेट में आकर एक 13 वर्षीय बालक और 14 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। बिल्हा थाना क्षेत्र में हुई इस हृदय विदारक दुर्घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, लक्की जायसवाल (13 वर्ष), पिता देवचरण जायसवाल, निवासी बरतोरी और जीतू जायसवाल (14 वर्ष), पिता दिनेश जायसवाल, निवासी सिंगारपुर, जिला कवर्धा के रहने वाली थी। जीतू गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने बड़ी मां के घर बरतोरी आई हुई थी। गुरुवार सुबह जब घर के बड़े सदस्य मजदूरी के लिए गांव से बाहर गए हुए थे, तब यह हादसा हुआ। जीतू जैसे ही घर का कूलर चालू करने लगी, उसे तेज करंट का झटका लगा और वह कांपने लगी। यह देख लक्की उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
लक्की के चाचा राजू जायसवाल, जो घर के बाहर किराना दुकान चलाते हैं, को घटना की भनक लगी। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और दोनों बच्चों को बिल्हा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की उपस्थिति में दोनों शवों का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।