बिलासपुर

शहर के आउटर से चलेगी लंबी दूरी की बसें, छूट केवल कम दूरी पर
22-May-2025 1:07 PM
शहर के आउटर से चलेगी लंबी दूरी की बसें, छूट केवल कम दूरी पर

ट्रैफिक का दबाव कम करने व यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल                  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 मई। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से यात्री बसों के संचालन में बदलाव किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है कि अब लंबी दूरी की सभी बड़ी स्लीपर बसें शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर न चलकर शहर के आउटर एरिया से होकर हाईटेक बस स्टैंड तिफरा तक ही संचालित की जाएंगी।

बैठकों में यह तय किया गया कि स्लीपर बसें अब रतनपुर, मस्तूरी, सीपत और सकरी-तखतपुर जैसे आउटर मार्गों से होकर जाएंगी। इससे शहर के भीतर के सकरी और व्यस्ततम मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

 

जन सुविधा को देखते हुए कम दूरी की छोटी बसों को शहर के भीतर संचालित होने की अनुमति दी गई है, लेकिन इन्हें केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा किया जाएगा। यदि इन बसों को अनाधिकृत स्थानों पर खड़ा पाया गया, तो लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

सभी बस मालिकों और संचालकों ने यातायात पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए सहमति व्यक्त की। इस बैठक में यातायात पुलिस द्वारा कई सुरक्षा और संचालन से जुड़े निर्देश भी दिए गए, जिनका पालन अनिवार्य रूप से किया जाना होगा।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, डिप्टी कमिश्नर नगर निगम सचिन गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी आनंद रूप तिवारी, डीएसपी शिवचरण परिहार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और बस संचालक बड़ी संख्या में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट