बिलासपुर

डिप्टी सीएम साव ने दिया है प्रात: भ्रमण का निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अप्रैल। फरवरी 2024 से प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अधिकारी रोज़ सुबह वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और सरकारी योजनाओं की निगरानी कर रहे हैं। इससे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग, कंपोस्ट शेड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, जल प्रबंधन, नाली सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने जैसे कार्यों में गति आई है।
सभी निकायों में सुबह 6 बजे से शुरू हो रहे निरीक्षण के चलते न सिर्फ कार्यों की रफ्तार बढ़ी है बल्कि उनकी गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार देखा गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के साथ योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने आयुक्त व मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रात: नगर भ्रमण करने का निर्देश दिया था।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया है।
उनके निर्देश पर नगर निकायों के अधिकारी फील्ड विजिट कर रहे हैं, जिससे कचरा फेंकने वाली जगहों की संख्या में कमी आई है और सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है।
नियमित भ्रमण से अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति का आकलन करने, समस्याओं की पहचान करने और सुधार के मानक तय करने में मदद मिल रही है। इससे नगरीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो पा रहा है।