बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 2 जनवरी। सरकंडा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण नशेड़ियों के बीच विवाद माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्यारों की तलाश कर रही है।
मूल रूप से मस्तूरी के लिमतरा निवासी खगेंद्र ठाकुर उर्फ चंदवा गोलू अशोक नगर के मुरूम खदान के पास अटल आवास में रहता था। वह प्राइवेट नौकरी करता था और नशे का आदी था। गुरुवार सुबह उसकी खून से सनी लाश अटल आवास के पास पाई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और सर्च डॉग की मदद ली गई, लेकिन हत्या के कारणों का स्पष्ट पता अब तक नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, खगेंद्र शराब के नशे में अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा करता था। उसकी पत्नी, जो गर्भवती है, पति के झगड़ों से परेशान होकर तीन बच्चों के साथ उसे छोड़कर चली गई थी।
मृतक के गले और शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या धारदार हथियार से की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, खगेंद्र को रात 11 बजे तक देखा गया था, जिससे हत्या का समय इसके बाद का माना जा रहा है।
पुलिस ने पूछताछ में पाया कि खगेंद्र मोहल्ले में शराब के नशे में झगड़े करता था और जुए का भी आदी था। जुए में पैसे के लेनदेन को लेकर भी उसका विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए संदेहियों की जानकारी जुटा रही है।
एडिशनल एसपी उदयन बेहार ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों और आरोपियों का जल्द ही पता लगाया जाएगा। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही है।


